पायलट खुद ही प्लेन क्रैश करना चाहता था?
Israel Plane Hijack: इजराइल के विमान हाईजैक की खबर में अब एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि प्लेन को बाहर से किसी ने हाईजैक नहीं किया था, बल्कि कॉकपिट के अंदर ही सब कुछ हुआ. एक पायलट ने जानबूझकर विमान को क्रैश करने की कोशिश की. जब दूसरे पायलट ने उसे ऐसा करने से रोका तो दोनों में जमकर झगड़ा हो गया. इसी झगड़े के बीच प्लेन से हाईजैक का इमरजेंसी सिग्नल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को चला गया, जिसके बाद पूरे इजराइल में हड़कंप मच गया और सरकार अलर्ट पर आ गई.
कॉकपिट में हाथापाई, यात्री भी हुए जख्मी
प्लेन में बैठे यात्रियों ने बताया कि अचानक कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं. एक पायलट विमान को नीचे गिराने पर अड़ा था और दूसरा उसे रोक रहा था. दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. हालात बिगड़ते देख क्रू मेंबर्स और कुछ यात्रियों ने मिलकर उस पायलट को पकड़ लिया जो प्लेन गिराना चाहता था. इस मारपीट में कई यात्रियों को चोटें भी आई हैं और उनके शरीर से खून निकलने की खबर है. फ्लाइट में 24 बच्चों सहित कुल 174 लोग सवार थे.
दुबई से तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट
यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी और फ्लाईदुबई कंपनी की थी. इजराइली मीडिया के मुताबिक पहले पायलटों के बीच बहस हुई और फिर क्रू ने खतरे का सिग्नल भेज दिया. सिग्नल मिलते ही प्लेन को मैनुअल मोड पर डाल दिया गया और उसे सऊदी अरब की तरफ मोड़ दिया गया. कुछ देर के लिए तो प्लेन का संपर्क भी टूट गया था. बेन गुरियन एयरपोर्ट पर लैंडिंग की परमिशन नहीं मिल रही थी और पायलट एटीसी के मैसेज का जवाब नहीं दे रहे थे, इसी वजह से हाईजैक की अफवाह उड़ गई. बाद में सऊदी में सुरक्षित लैंडिंग के बाद मामला शांत हुआ.
यात्री ने क्या कहा?
नोआम नाम की एक महिला यात्री ने चैनल-12 को बताया कि पहले कॉकपिट से चिल्लाने की आवाज आई, फिर पता चला कि एक पायलट को चाकू मारने की कोशिश हुई है. उस वक्त पूरे प्लेन में चीख-पुकार मच गई और विमान तेजी से नीचे आने लगा. डर के मारे सभी यात्री भगवान से प्रार्थना करने लगे थे.
ये भी पढ़ें-कतर की मेज पर फिसली डील! किन शर्तों पर आकर उलझा ईरान-अमेरिका समझौता?
7500 और 7700 कोड से भेजा गया था सिग्नल
इस दौरान प्लेन से एटीसी को 7500 और 7700 कोड के जरिए इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए थे. एविएशन के नियमों के अनुसार 7700 कोड का मतलब होता है कि विमान किसी गंभीर आपात स्थिति में है, जबकि 7500 कोड भेजने का मतलब है कि प्लेन को हाईजैक कर लिया गया है या हाईजैक करने की कोशिश हो रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



