Bharat Express DD Free Dish

गुजरात के छात्र का वीडियो वायरल, रूसी सेना में जबरन भर्ती का आरोप; भारत सरकार से की ये अपील

Russia-Ukraine War: गुजरात के मोरबी निवासी छात्र साहिल मोहम्मद हुसैन ने वीडियो संदेश में दावा किया कि रूस में उसे झूठे ड्रग्स मामले में फंसाकर रूसी सेना में भर्ती होने के लिए मजबूर किया गया. फिलहाल वह यूक्रेन में है और भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील कर रहा है.

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच गुजरात के मोरबी जिले के युवक साहिल मोहम्मद हुसैन का वीडियो सामने आया है. साहिल छात्र वीजा पर पढ़ाई के लिए रूस गया था. उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान वह एक कूरियर कंपनी में पार्ट-टाइम काम करता था. इसी दौरान रूस की पुलिस ने उसे झूठे ड्रग्स मामले में फंसा दिया और कहा कि अगर वह रूसी सेना में शामिल हो जाए तो उसके खिलाफ मामला खत्म कर दिया जाएगा.

सेना में शामिल होने का दबाव

साहिल ने अपने वीडियो संदेश में बताया कि उस पर रूसी सेना में भर्ती होने का दबाव बनाया गया. उसने कहा कि झूठे केस से छुटकारा पाने के लिए उसे मजबूरी में सेना का प्रस्ताव स्वीकार करना पड़ा. 15 दिन की ट्रनिंग के बाद उसे सीधे फ्रंटलाइन पर भेज दिया गया. वहां पहुंचते ही उसने यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.

यूक्रेन से भारत सरकार को अपील

फिलहाल साहिल यूक्रेन में है और वहां से उसने भारत सरकार से मदद की अपील की है. यूक्रेनी अधिकारियों ने उसका वीडियो साझा किया है जिसमें वह कहता है कि किसी भी हालात में भारतीय युवाओं को रूसी सेना में शामिल नहीं होना चाहिए. उसने पीएम मोदी और भारत सरकार से गुहार लगाई है कि उसकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की जाए.

मां ने अदालत में लगाई याचिका

साहिल की मां ने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए दिल्ली की एक अदालत में याचिका दायर की है. इस मामले की अगली सुनवाई फरवरी में होगी. वीडियो में साहिल ने कहा कि रूस में कम-से-कम 700 लोगों को ड्रग्स के आरोप में जेल में डाला गया है और उन्हें सेना में भर्ती होने का विकल्प दिया गया. उसने युवाओं को चेतावनी दी कि रूस में कई ठग हैं जो झुठे मामलों में फंसा सकते हैं.

विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने हाल ही में कहा था कि भारत अपने नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस मुद्दे पर बात की है और भारतीयों को जल्द से जल्द रिहा करने के लिए संयुक्त प्रयास जारी हैं.

ये भी पढ़ें-‘फैसला करो.. क्या हो? अफगानिस्तान में भारत के डंके से बौखलाए मुनीर की तालिबान को गीदड़भभकी

साहिल ने क्या कहा?

साहिल ने कहा कि वह बेहद निराश है और नहीं जानता आगे क्या होगा लेकिन उसका संदेश साफ है रूस जाने वाले भारतीय युवाओं को सावधान रहना चाहिए. उसने कहा,

“मैंने कुछ गलत नहीं किया लेकिन हालात ने मुझे मजबूर कर दिया. कृपया मेरी मदद करें.”

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read