Bharat Express DD Free Dish

‘जेल का ताला टूटेगा, इमरान खान छूटेगा…’, नारे लगाते सड़कों पर उतरे PTI समर्थक, पाकिस्तान में हंगामा

Imran Khan Death News: इमरान खान (Imran Khan) की मौत की अफवाहों ने पाकिस्तान (Pakistan) में राजनीतिक उथल-पुथल मचा दी है. परिवार को अदियाला जेल में मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने के बाद PTI कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और ‘जेल का ताला टूटेगा, इमरान खान छूटेगा’ के नारे लगाने लगे.

Imran Khan Death News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (PTI) के सूत्रधार इमरान खान (Imran Khan) के मरने की खबर (Imran Khan Death Rumors) हर जगह फैल रही है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि इमरान खान को जेल में ही मार दिया गया है. पिछले 2 साल से इमरान खान को रावलपिड़ी की अदियाला जेल में बंद किया गया है. उनके परिवार के सदस्यों को भी पाकिस्तान पुलिस मिलने नहीं दे रही है, जिसके बाद से तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है.

‘जेल का ताला टूटेगा, इमरान खान छूटेगा’

इमरान खान की बहनें नौरीन नियाजी, अलीमा खान और डॉ. उजमा खान को भी मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही है. इसके बाद इमरान खान की मौत की अटकलें और तेज हो गई हैं. अब इमरान खान के बेटे कासिम ने भी पिता के जिंदा होने का सबूत मांगा है. इन सबके बीच अदियाला जेल के बाहर कार्यकर्ताओं का जमकर प्रदर्शन हो रहा है, जहां नारे लगाए जा रहे हैं – ‘जेल का ताला टूटेगा, इमरान खान छूटेगा.’

CM भी धरने पर

पाकिस्तान में PTI के एकमात्र मुख्यमंत्री भी इमरान खान के समर्थन में उतरे हैं. तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की खैबर पख्तूनख्वा में सरकार है. यहां के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी भी धरना देकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठ गए है. उन्हें भी इमरान खान से मिलने नहीं दिया गया, जिसके बाद उनकी पुलिस से झड़प हुई.

ये भी पढ़ें: इमरान खान अडियाला जेल में बंद, परिवार ने हालात पर जताई चिंता, जानिए इस जेल का इतिहास और खतरनाक हालात

भारत ने दी इमरान की खबर

इमरान खान की बहन नौरीन नियाजी ने बताया कि परिवार की जेल मुलाकात पहले से तय थी, लेकिन अचानक प्रशासन ने अंदर जाने से रोक दिया. उनके अनुसार, किसी भी तरह की जानकारी न मिलने से परिवार बेहद परेशान है और उन्हें इमरान की सेहत को लेकर गंभीर आशंकाएं होने लगी हैं.

नौरीन ने यह भी कहा कि उन्हें इमरान की मौत की खबर सबसे पहले भारत के मीडिया के जरिए मिली, जिससे परिवार दहशत में आ गया. उनका आरोप है कि जेल प्रशासन को ऊपर से आदेश मिला हुआ है, जिसके चलते परिवार को जानबूझकर दूर रखा जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read