Iran Accuses US Violence: ईरान इस समय हिंसा की लहर से जुझ रहा है. हालात बिगड़ते देख ईरान ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियों गुटरेस और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष अबुकर दाहिर उस्मान को पत्र लिखकर अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ईरान का कहना है कि अमेरिका देश में हिंसा को बढ़ावा दे रहा है और बल प्रयोग की धमकी दे रहा है. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से मांग की है कि इस पर निंदा की जाए.
ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने लिखा था कि ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखें. अपनी संस्थाओं पर कब्जा करें. मदद आ रही है. इस बयान को ईरान ने हिंसा भड़काने वाला बताया है.
ट्रंप ने रद्द कीं बैठकें
इसी बीच, ट्रंप ने मंगलवार को डेट्रॉइट इकोनॉमिक क्लब में कहा कि उन्होंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी बैठकें रद्द कर दी हैं. उनका कहना है कि जब तक प्रदर्शनकारियों पर हिंसा और बेमतलब हत्याएं बंद नहीं होतीं, तब तक अमेरिका किसी भी राजनयिक जुड़ाव में शामिल नहीं होगा.
व्यापार पर सख्त चेतावनी
ट्रंप ने इससे पहले चेतावनी दी थी कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उस पर अमेरिका के साथ होने वाले सभी लेन-देन पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा. उन्होंने ईरानी नागरिकों को विरोध जारी रखने और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम दर्ज करने की अपील भी की.
एक भी मौत बहुत ज्यादा- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान में मौतों के आंकड़े अलग-अलग हैं लेकिन एक भी मौत बहुत ज्यादा है. उन्होंने हिंसा के जिम्मेदार लोगों को चेतावनी दी कि उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे.
व्हाइट हाउस का बयान
इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा था कि ईरान से निपटने के लिए अमेरिका की प्राथमिकता अब भी कूटनीति है लेकिन जरूरत पड़ने पर सैन्य विकल्पों से भी इनकार नहीं किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



