सांकेतिक फोटो.
US Israel Iran Conflict: ईरान को अपने ऊपर संभावित हमले की आशंका सता रही है, जिसके चलते उसने अपने परमाणु ठिकानों की सुरक्षा को और मजबूत कर दिया है. ब्रिटेन के द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल और अमेरिका के संभावित हमले के डर से ईरान ने अपने परमाणु स्थलों के आसपास सुरक्षा घेरा बढ़ाया है और एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम भी तैनात किए हैं.
इजरायल के हमले के बाद सुरक्षा में इजाफा
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों को आगाह किया था कि इजरायल ईरान के प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हमला करने की योजना बना सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान लंबे समय से अपने परमाणु स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने में जुटा है, लेकिन पिछले साल इजरायल के हमले के बाद यह प्रक्रिया और तेज हो गई है. अब ईरान ने संभावित इजरायल-अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभियान को लेकर अपनी तैयारियां और मजबूत कर ली हैं.
ईरान में हाई अलर्ट जारी
एक्सियोस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में इजरायल ने तेहरान के पास स्थित परचिन सैन्य परिसर पर हवाई हमले किए. द टेलीग्राफ के सूत्रों ने बताया कि ईरान में हर रात हमले की आशंका बनी रहती है, जिसके चलते देशभर में हाई अलर्ट जारी किया गया है. सुरक्षा इतनी कड़ी कर दी गई है कि उन स्थानों की निगरानी भी की जा रही है, जिनके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है.
अमेरिका ने फिर लगाए ईरान पर प्रतिबंध
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर प्रतिबंधों को फिर से लागू करते हुए अपनी मैक्सिमम प्रेशर पॉलिसी के तहत 2015 के परमाणु समझौते से अमेरिका को एकतरफा अलग कर लिया था. अमेरिका का आरोप है कि ईरान गुपचुप तरीके से परमाणु हथियार विकसित कर रहा है, हालांकि तेहरान इस दावे को लगातार खारिज करता रहा है.
हाल ही में ट्रंप ने ईरान के साथ एक नया समझौता करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने 15 फरवरी को स्पष्ट रूप से कहा कि “अमेरिका के साथ बातचीत करके कोई समस्या हल नहीं होगी.” इसके अगले ही दिन इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बयान दिया कि इजरायल, अमेरिका के समर्थन से ईरान के खिलाफ अपनी योजनाओं को पूरा करेगा.
इसे भी पढ़ें- “अगर जानते 7 अक्टूबर का अंजाम, तो नहीं होता ये बड़ा हमला” विनाश का खौफनाक मंंजर देखने के बाद हमास के अधिकारी ने दिया बड़ा बयान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


