Iran Protests: ईरान में खामेनेई सरकार के खिलाफ शुरू हुए विरोध-प्रदर्शन को दो सप्ताह से ज्यादा हो चुके हैं. प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए सरकार सख्ती बरत रही है. इसी बीच 8 जनवरी को गिरफ्तार किए गए 26 वर्षीय युवक को फांसी देने का फरमान सुनाया गया था, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए.
ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्हें भरोसेमंद जानकारी मिली है कि ईरान में हत्याएं रोक दी गई हैं और जिन फांसियों को लेकर आशंका जताई जा रही थी, वे अब नहीं होंगी. ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर प्रदर्शनकारियों पर ज्यादती नहीं रुकी तो अमेरिका आगे बढ़कर उनकी मदद करेगा.
सैन्य कार्रवाई पर सवाल
वेनेजुएला में हालिया घटनाओं के बाद आशंका जताई जा रही थी कि अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है. इस पर ट्रंप ने साफ तौर पर इनकार नहीं किया. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह किसी भी विकल्प को खारिज नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “हम देखेंगे कि प्रक्रिया क्या है. मैं यह नहीं बताने वाला कि मैं क्या करने को तैयार हूं.”
फांसी पर रोक की जानकारी
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि आज फांसी दी जानी थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. उन्होंने कहा कि यह जानकारी उन्हें महत्वपूर्ण स्रोतों से मिली है, हालांकि उन्होंने इन स्रोतों की पहचान उजागर नहीं की. ट्रंप ने कहा, “अगर फांसी दी जाती है तो हम सब बहुत परेशान होंगे और ईरान भी मुश्किल में पड़ जाएगा.”
हिंसा और झड़पों की खबरें
ट्रंप ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि ईरान में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच गोलीबारी हुई है. इसके बावजूद उन्होंने जोर दिया कि सबसे अहम बात यह है कि फांसी रोक दी गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह खबर सही साबित होगी.
ये भी पढ़ें-ट्रंप सरकार का बड़ा फैसला! 75 देशों की वीजा प्रोसेसिंग पर रोक, ‘पब्लिक चार्ज’ के नाम पर सख्ती
अमेरिका की नजर
ट्रंप ने इस घटनाक्रम पर अमेरिका की ओर से किसी नई नीति या कदम की घोषणा नहीं की. उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर रखेगा. यह बयान व्हाइट हाउस में एक हस्ताक्षर समारोह के बाद आया, जहां ट्रंप ने वेनेजुएला और ग्रीनलैंड सहित कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी राय दी. ईरान पर बात खत्म करते हुए उन्होंने कहा, “हम नजर रखेंगे, देखेंगे कि आगे क्या होता है.”
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

