AI Generated Photo
US Israel Iran War Updates: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़े विनाशकारी ‘महायुद्ध’ का आज 13वां दिन है. जहां एक तरफ इजरायल और अमेरिका लगातार ईरान पर बमबारी कर रहे हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप युद्ध जीतने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस भीषण तबाही के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शांति की पेशकश की है. उन्होंने युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका और इजरायल के सामने तीन कड़ी शर्तें रख दी हैं, जिसने कूटनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है.
ट्रंप का जीत का दावा
युद्ध के 13वें दिन इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने तेहरान सहित कई इलाकों में जोरदार हमले किए. इजरायल ने IRGC कमांड और कंट्रोल (C2) सेंटर, बैलिस्टिक मिसाइल स्टोरेज और बासिज इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स बेस को निशाना बनाया.
ये भी पढ़ें: हवाई सफर पर ‘महायुद्ध’ की मार: Air India ने उड़ानों पर बढ़ाया किराया; जानें कितने बढ़े दाम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका पहले ही घंटे में यह जंग जीत चुका है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने 58 ईरानी नेवी जहाजों को मार गिराया है और ईरान की सैन्य ताकत को लगभग खत्म कर दिया है. पेंटागन के मुताबिक, अमेरिका ने शुरुआती 6 दिनों में ही 11.3 अरब डॉलर (लगभग 1 लाख करोड़ रुपये) खर्च कर दिए हैं.
ईरान ने रखीं जंग रोकने की 3 शर्तें (US Israel Iran Conflict)
इस युद्ध में अब तक करीब 2,100 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें भारी संख्या में आम नागरिक शामिल हैं. इस तबाही को रोकने के लिए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक्स (X) पर एक बयान जारी कर अमेरिका के सामने 3 शर्तें रखी हैं.
- कानूनी अधिकारों की मान्यता: ईरान के कानूनी अधिकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी जाए
- युद्ध का हर्जाना: यहूदियों और अमेरिका द्वारा शुरू किए गए इस युद्ध से हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए
- सुरक्षा की गारंटी: भविष्य में ईरान पर दोबारा ऐसे हमले न होने की पक्की अंतरराष्ट्रीय गारंटी मिले
महायुद्ध के 13वें दिन ईरान की इन 3 शर्तों ने गेंद अब अमेरिका और इजरायल के पाले में डाल दी है. ट्रंप का कहना है कि ‘जब भी वह चाहेंगे, युद्ध समाप्त किया जा सकता है’, लेकिन देखना यह होगा कि क्या वाशिंगटन और तेल अवीव ईरान की इन शर्तों को मानकर क्षेत्र में शांति बहाल करेंगे या युद्ध की यह आग और भड़केगी. अभी तक के हालातों को देखकर नहीं लगता की जंग हाल फिलहाल में रुकने वाली है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

