ट्रंप के मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने सैनिकों को लेकर क्या कहा?
US Iran Conflict: ईरान में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच अमेरिकी प्रशासन के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक (Howard Lutnick) ने ईरान युद्ध में अमेरिकी सैनिकों की मौत को लेकर दिए गए अपने बयान पर माफी मांगी है. उन्होंने स्वीकार किया कि इंटरव्यू के दौरान उनसे बड़ी गलती हुई और उन्होंने गलत जानकारी दे दी थी.
लुटनिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सफाई देते हुए कहा कि ईरान में सैन्य कार्रवाई से जुड़े सवाल का जवाब देते समय उन्होंने गलती से गलत बात कह दी. उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में अमेरिकी सेना के 18 सदस्यों की मौत हुई है. उन्होंने मृत सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस नुकसान से उनका दिल टूट गया है और उन्हें परिवारों के दुख का बेहद अफसोस है.
वेनेजुएला अभियान को लेकर हुआ कन्फ्यूजन
लुटनिक ने अपनी गलती की वजह भी बताई. उनके मुताबिक, उस समय उनके दिमाग में वेनेजुएला में चलाया गया अमेरिकी सैन्य अभियान था. उस अभियान में किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी की मौत नहीं हुई थी. इसी वजह से ईरान से जुड़े सवाल का जवाब देते वक्त उनसे गलत आंकड़ा बोल दिया गया.
मंत्री ने अपने बयान में 9/11 हमले की 25वीं बरसी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना और देश की सेवा करने वाले सैनिकों के बलिदान को वह गहराई से सम्मान देते हैं. लुटनिक ने बताया कि 9/11 हमले में उन्होंने अपने भाई गैरी, करीबी दोस्त डग और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में मारे गए कई अन्य परिचितों को खोया था.
ट्रंप की पोस्ट के बाद आया माफीनामा
लुटनिक का विवादित बयान बुधवार सुबह एक इंटरव्यू के दौरान सामने आया था. शुरुआत में इस पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई, लेकिन गुरुवार को मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को हल्का करने की कोशिश की. उनकी पोस्ट के करीब 45 मिनट बाद लुटनिक ने सार्वजनिक रूप से माफी जारी कर दी.
ये भी पढ़ें: ‘4 मुल्कों पर बरसा बारूद, कांप उठी दुनिया!’अमेरिका-ईरान की जंग ने लिया विकराल रूप
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
ईरान युद्ध में अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने और घायल होने से जुड़े आंकड़ों को लेकर अमेरिकी प्रशासन पहले भी सवालों के घेरे में रहा है. जुलाई में रक्षा विभाग की वेबसाइट से चार मौतों और दर्जनों घायलों से जुड़े आंकड़े हटाए जाने के बाद विवाद हुआ था. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी सैनिकों की मौतों पर मीडिया की रिपोर्टिंग की आलोचना कर चुके हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



