Iran Israel Tensions: पश्चिम एशिया में बीते महीने इजरायल-ईरान के बीच बड़ा सैन्य टकराव हुआ था, जिसमें दोनों देशों द्वारा दागी गई मिसाइलों से काफी घर-मकान और इन्फ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गए थे. ईरान में सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी. यहां तक कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के पैर में भी चोट लगी थी.
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से संबद्ध ‘फार्स न्यूज एजेंसी’ के हवाले से एक ताजा खबर आई है, जिसमें बताया गया है कि इजरायली हवाई हमले में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी घायल हो गए थे.
उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान हुआ था हमला
इजरायल की ओर से यह मिसाइल हमला उस समय हुआ जब ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की एक उच्च-स्तरीय बैठक चल रही थी. बैठक में पार्लियामेंट स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ, न्यायपालिका प्रमुख मोहसेनी एजेई और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

करीबी अधिकारियों के साथ मौजूद थे मसूद
बताया जा रहा है कि इजरायल ने 16 जून को जो मिसाइल दागी थी, वो हमला पश्चिमी तेहरान में एक इमारत को निशाना बनाकर किया गया था. उस इमारत की निचली मंजिल पर मसूद पेजेशकियान अपने करीबी ईरानी अधिकारियों के साथ मौजूद थे.
इमरजेंसी गेट से निकलकर दूसरे स्थान पर गए
जब मिसाइलें गिरीं, तो वहां कुछ देर के लिए बिजली गुल हो गई. अफरा-तफरी के बावजूद, एक इमरजेंसी गेट से अधिकारियों को निकलने में मदद मिली. हालांकि, इस दौरान कुछ अधिकारियों को मामूली चोटें आईं. वहीं, मसूद पेजेशकियान के पैर में चोट आई थी.
किसी घुसपैठिए की निशानदेही पर सटीक हमला!
इस घटना ने ईरान की चिंता बढ़ा दी है. अधिकारियों को शक है कि किसी घुसपैठिए की निशानदेही पर इतना सटीक हमला किया गया. यही वजह है कि मिसाइल स्ट्राइक को लेकर जांच शुरू कर दी गई है. दूसरी ओर, ईरानी राजनेता इजरायल पर अपने सुप्रीम लीडर की हत्या की कोशिश का आरोप लगा चुके हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


