Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पीएम मोदी को ‘मित्र’ कहकर लूला ने जताया आभार, बोले- भारत के साथ मजबूत करेंगे ग्लोबल साउथ की आवाज

Lula thanks PM Modi: ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने चुनाव में जीत पर बधाई देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया. जानें भारत-ब्राजील के रिश्तों, ग्लोबल साउथ, BRICS और G20 पर उन्होंने क्या कहा.

Brazil President Lula thanks PM Modi

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने चुनाव में जीत पर बधाई देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया

Lula thanks PM Modi: ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने चुनाव में जीत के बाद बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने पीएम मोदी को अपना मित्र बताते हुए कहा कि भारत और ब्राजील मिलकर वैश्विक दक्षिण यानी ग्लोबल साउथ के देशों की आवाज को और मजबूत करेंगे. लूला ने यह भी भरोसा जताया कि दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर साथ मिलकर काम करते रहेंगे.

लूला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए भारत के साथ अपने मजबूत रिश्तों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस साल फरवरी में भारत की यात्रा के दौरान उन्हें काफी अच्छे अनुभव मिले थे. इस दौरे में दोनों देशों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए कई अहम कदम उठाए थे.

व्यापार से लेकर तकनीक तक सहयोग बढ़ाने पर जोर

ब्राजील के राष्ट्रपति ने बताया कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार, स्वास्थ्य और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर खास ध्यान दिया गया है. दोनों देश अपने संबंधों को केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को भी मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

लूला ने 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाल रहे भारत को बधाई भी दी. उन्होंने कहा कि भारत, ब्राजील की पिछली अध्यक्षता के दौरान शुरू किए गए कामों को आगे बढ़ा रहा है. उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच सहयोग आने वाले समय में और गहरा हो सकता है.

ब्रिक्स और जी20 में साथ आएंगे भारत-ब्राजील

लूला ने साफ किया कि भारत और ब्राजील ब्रिक्स तथा जी20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करेंगे. दोनों देशों का लक्ष्य बहुपक्षवाद की रक्षा करना, विकासशील देशों के हितों को सामने रखना और ज्यादा न्यायपूर्ण, समावेशी तथा शांतिपूर्ण वैश्विक व्यवस्था बनाने में योगदान देना है.

दरअसल, ग्लोबल साउथ उन विकासशील देशों के समूह को कहा जाता है, जो वैश्विक फैसलों में अपनी भागीदारी और प्रभाव बढ़ाना चाहते हैं. भारत और ब्राजील लंबे समय से इस मुद्दे पर सहयोग करते रहे हैं.


ये भी पढ़ें: ‘जनता और राष्ट्र की सेवा ही सुशासन का आधार’, पीएम मोदी ने साझा किया संस्कृत सुभाषित, जानें इसका अर्थ


चुनाव में मिली कड़ी टक्कर के बाद लूला की वापसी

राष्ट्रपति चुनाव में लूला को 51.79 फीसदी वैध वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.21 फीसदी वोट हासिल हुए. पहले दौर में पीछे रहने के बाद लूला ने दूसरे दौर में वापसी करते हुए जीत दर्ज की. इस नतीजे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बधाई दी थी और दोनों देशों के बीच दोस्ती को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital