Malaysia Gas Pipeline Explosion: मलेशिया के कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में मंगलवार, 1 अप्रैल 2025 को एक भीषण आग लग गई. यह हादसा मध्य सेलंगोर राज्य के पुत्रा हाइट्स में एक गैस स्टेशन के पास हुआ. आग की लपटें आसमान तक उठती हुई दिखाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में घबराहट फैल गई. विस्फोट इतना तेज था कि लोगों को अपने घरों के खिड़की-दरवाजे हिलते हुए महसूस होने लगे.
सेलंगोर अग्निशमन विभाग के निदेशक, वान मोहम्मद रजाली वान इस्माइल ने बताया कि यह आग गैस पाइपलाइन के फटने से लगी. आग की लपटें कई किलोमीटर तक फैल गईं. हादसे की सूचना मिलते ही दर्जनों दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की.
आग से फैलता खौफ
आग की लपटें इतनी बड़ी थीं कि आस-पास के लोग तुरंत अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. सोशल मीडिया पर आग की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गईं, जिसमें धुएं का बड़ा गुबार और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं.
500 मीटर तक जल गई पाइपलाइन
आग की घटना सुबह करीब 8:10 बजे की है. आग में लगभग 500 मीटर पाइपलाइन जल गई. रिहायशी इलाकों के पास आग के फैलने से कई घरों को भी नुकसान हुआ. फिलहाल, 2 बुजुर्गों और 7 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
तत्काल प्रतिक्रिया
अग्निशमन और बचाव विभाग के सहायक निदेशक अहमद मुखलिस मुख्तार ने बताया कि आग की सूचना मिलने के बाद विभाग ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया.
यह घटना मलेशिया में एक बड़ी आपदा के रूप में सामने आई, जिसने न केवल स्थानीय लोगों को डर में डाला, बल्कि आसपास के इलाकों में अफरातफरी मचा दी.
इसे भी पढ़ें- West Bengal: दक्षिण 24 परगना में बड़ा हादसा, पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 7 की मौत, कई घायल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


