Bharat Express DD Free Dish

रोम में दिखी दोस्ती की गर्मी: इटली पहुंचे PM मोदी, कोलोसियम दौरे के बाद डिनर पर मेलोनी संग हुई अहम चर्चा

PM Modi Italy Visit: पीएम मोदी इटली पहुंचे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने डिनर पर बातचीत की और रोम के मशहूर कोलोसियम का दौरा किया.

PM Modi Italy Visit: पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव पर इटली पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने उनका स्वागत किया. इसके बाद पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने डिनर पर बैठकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की.

पीएम मोदी का एक्स पोस्ट

डिनर के बाद पीएम मोदी ने रोम के मशहूर कोलोसियम का दौरा किया. उन्होंने इस अनुभव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि मेलोनी के साथ डिनर पर मुलाकात शानदार रही और कई विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ. उन्होंने आगे कहा कि आज होने वाली औपचारिक बातचीत का उन्हें इंतजार है, जिसमें भारत-इटली की दोस्ती को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी.

मेलोनी का स्वागत संदेश

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के आगमन पर खुशी जताई. उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त. इस पोस्ट ने दोनों देशों के रिश्तों की गर्मजोशी को और उजागर किया.

भारतीय समुदाय से मुलाकात

रोम पहुंचने पर पीएम मोदी ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात की. भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. यह मुलाकात प्रवासी भारतीयों के लिए खास रही और उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव साझा किए.

रणनीतिक साझेदारी पर जोर

पीएम मोदी और मेलोनी की औपचारिक बैठक ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में होगी. इस दौरान दोनों नेता व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे. बैठक के बाद भारत और इटली मिलकर एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी करेंगे, जिससे दोनों देशों के रिश्तों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें-करीब डेढ़ साल बाद पीएम मोदी और ट्रंप होंगे आमने-सामने, AI और चीन पर हो सकती है बड़ी चर्चा

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और इटली के बीच लंबे समय से मजबूत रिश्ते हैं. यह यात्रा दोनों देशों की साझेदारी में एक नया अध्याय जोड़ेगी और सहयोग को और गहरा करेगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest