नेपाल में प्लेग की तरह फैलकर देश को खोखला कर रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ Gen-Z युवाओं ने जो विद्रोह किया. उसका नतीजा यह हुआ कि वहां के प्रधानमंत्री के.पी. ओली को इस्तीफा देना पड़ा और अपना आवास छोड़कर भागना पड़ा. नेपाल में Gen-Z विद्रोह से पहले सोशल मीडिया पर #NepoKids ट्रेंड कर रहा था. जेन-जी युवाओं का आरोप था कि खूब मेहनत करने के बाद भी देश की जनता को दो वक्त की रोटी मिलनी मुश्किल हो रही है और नेताओं के बच्चों की जिंदगी ऐश-मौज में कट रही है. उन्हें बिना मेहनत वो सब मिल रहा है जिनके वो हकदार भी नहीं हैं.
जेन-जी युवाओं ने मीडिया को बताया कि नेताओं के किसी बच्चे ने ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स’ का चुनाव जीता है. तो कोई मिस नेपाल बनी हुई है. जेन-जी का कहना है कि ये सभी लोग नेपाल के पावरफुल लोगों के बच्चे हैं. जिन्हें जनता की गाढ़ी कमाई से ऐशो-आराम की जिंदगी दी जाती है, लेकिन कीमत आम आदमी को चुकाना पड़ता है. ये जनता के अधिकारों पर डाका है. आइये जानते हैं कौन-कौन से वो नेपो किड्स हैं. जिनपर जेन-जी भड़के हुए हैं और सोशल मीडिया पर उनकी बखिया उधेड़ रहे हैं.
श्रृंखला खतिवाड़ा
इन नेपो किड्स में पहला नाम है श्रृंखला खतिवाड़ा. श्रृंखला खतिवाड़ा ने ‘मिस नेपाल वर्ल्ड’ का खिताब जीता था. लेकिन जेन-जी युवाओं का मानना है कि ये खिताब उनके पिता के रसूख की वजह से मिला है.

श्रृंखला खतिवाड़ा नेपाल के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बिरोध खतिवडा की बेटी हैं. 29 साल की श्रृंखला खतिवाड़ा बेहद ही लग्जरी लाइफस्टाइल जीती हैं. वे विदेशों में छुट्टियां मनाती हैं और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक जेन-जी आंदोलन के बाद इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख फॉलोअर्स घट गए हैं.
सौगत थापा
सौगत थापा नेपाल के वो नेपो किड हैं जिनपर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने अपने पिता के बदौलत चैंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव जीता. वे नेपाल के पूर्व कानून मंत्री बिंदु कुमार थापा के बेटे हैं.

सौगत की लाइफस्टाइल आम लोगों से बेहद ही अलग है. वे विदेश में रहते हैं, महंगी गाड़ियों में घूमते हैं. उनका लाइफस्टाइल ऐसा है जैसे वो किसी बड़े बिजनेसमैन के बेटे हों. लेकिन असल में वो नेपाल के एक राजनेता के बेटे हैं.
शिवाना श्रेष्ठा
शिवाना श्रेष्ठा नेपाल के पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा की बहू हैं. सोशल मीडिया पर इनकी लग्जरी लाइफस्टाइल देख जेन-जी युवाओं का खून खौल जाता है.

शिवाना के पास करोड़ों की संपत्ति है. वे अपनी विदेश यात्रा से लेकर लग्जरी लाइफस्टाइल की फोटो इंस्टाग्राम पर लगातार शेयर करती रहती हैं.
ये भी पढ़ें- पोते की चाह में दरिंदगी की हद! पति नपुंसक, इसलिए ससुर ने कहा- मुझसे बनाओ संबंध
बीना मगर
नेपाल के नेपो किड्स में बीना मगर का भी नाम है. बीना पर तो युवाओं ने भ्रष्टाचार तक के आरोप लगाये हैं. जेन-जी प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने इनके खिलाफ भी प्रचार किया था. बीना पूर्व पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड की बहू हैं. ये नेपाल की जलमंत्री भी रही हैं. मंत्री रहने के दौरान उनपर गबन के आरोप लगे थे. इनपर आरोप थे कि ये सरकारी पैसे का उपयोग अपनी विदेश यात्राओं में करती थीं.

नेपाल में नेपो किड्स की लिस्ट बहुत लंबी है. नेपाल के युवा #NepoKids हैशटैग के साथ इन नेताओं के बच्चों को बेनकाब कर रहे हैं. इनकी फोटो और वीडियो को एक्स से लेकर इंस्टाग्राम तक दिखाया जा रहा है. जिसमें ये बताया जा रहा है कि कैसे राजनेताओं के बेटे करोड़ों की घड़ियों, बैग्स और डिजाइनर कपड़ों में मौज काट रहे हैं. जबकि जनता रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रही है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


