Padma River Bus Accident: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. ढाका जा रही एक बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे पद्मा नदी में जा गिरी. बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे. देखते ही देखते यह बस पानी में समा गई और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की पूरी कहानी
25 मार्च को शाम लगभग 5:15 बजे यह घटना घाट नंबर 3 पर हुई. बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी एक छोटी फेरी पोंटून से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सीधे नदी में गिर गई. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बस गिरते ही लोग पानी में तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे.
#WATCH | Dhaka, Bangladesh: Visuals from the spot where a passenger bus fell into the Padma River from a ferry. https://t.co/dRHXTZuZr4 pic.twitter.com/5rnqSsR9vI
— ANI (@ANI) March 25, 2026
बचाव अभियान
स्थानीय लोगों ने तुरंत रस्सियों और कपड़ों का सहारा देकर यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की. लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से सभी को बचाना मुश्किल हो गया. अधिकारियों के मुताबिक बस करीब 30 फीट गहराई में डूब गई. कुछ यात्री तैरकर किनारे तक पहुंच गए, जबकि कई लोग बस के अंदर फंसे रह गए.
सूचना मिलते ही फायर सर्विस, सिविल डिफेंस के गोताखोर, रिवर पुलिस और फेरी प्राधिकरण मौके पर पहुंचे. एक रेस्क्यू वेसल भी लगाया गया और ढाका से अतिरिक्त डाइविंग टीमें भेजी गईं. बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि बस पानी के नीचे मिल गई है.
23 लोगों की मौत
इस हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं 10 यात्रियों को जिंदा बचा लिया गया. मृतकों में राजबाड़ी के भवानीपुर की रेहाना बेगम और मरजीना बेगम शामिल हैं.
परिजनों का इंतजार
नदी किनारे परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी. आंखों में आंसू लिए लोग अपने प्रियजनों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे. कई लोग अपने परिजनों को पुकारते रहे. कुश्तिया के एक यात्री ने बताया कि उसने अपनी पत्नी और बच्चे को घर पर रहने को कहा था, लेकिन वे जिद करके साथ आए और हादसे का शिकार हो गए.
एक बच्चा अपने परिवार का इंतजार करते हुए रोता नजर आया. यह दृश्य वहां मौजूद हर किसी को भावुक कर गया.
पद्मा नदी का यह हादसा बांग्लादेश के लिए एक बड़ी त्रासदी बन गया है. बचाव कार्य जारी है, लेकिन इस घटना ने कई परिवारों को हमेशा के लिए गहरा घाव दे दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


