Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भारत को ‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री आ रहे दिल्ली, SCO सम्मेलन में होंगे शामिल

Musadik Malik: सिंधु जल समझौते पर भारत को ‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक SCO के दिल्ली सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं. मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा हो सकती है.

pakistan-minister-musadik-malik-india-visit-sco-forum

भारत को 'हाथ काटने' की धमकी देने वाला पाकिस्तानी मंत्री आ रहा दिल्ली

Musadik Malik: सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को ‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तान के मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक दिल्ली आ सकते हैं. पाकिस्तान ने 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के लिए उन्हें अपना प्रतिनिधि नामित किया है.

मलिक की प्रस्तावित यात्रा इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा हो सकती है. भारत ने इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया था. हालांकि, पाकिस्तान ने उनकी जगह संघीय जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक का नाम आगे किया है.

पाकिस्तान का यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि मलिक सिंधु जल समझौते को लेकर भारत के खिलाफ कई बार आक्रामक बयान दे चुके हैं.

जब पाकिस्तानी मंत्री ने दी थी हाथ काटने की धमकी

जून 2026 में पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुसादिक मलिक ने भारत के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी. उन्होंने 1960 के सिंधु जल समझौते को स्थगित करने के भारत के फैसले की आलोचना की थी.

मलिक ने पाकिस्तान की जल आपूर्ति को नियंत्रित या बाधित करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा था कि ऐसा करने वाले ‘हाथों को काट दिया जाएगा’. उनके इस बयान को भारत के खिलाफ धमकी के तौर पर देखा गया था.

पहलगाम हमले के बाद भारत ने स्थगित किया था समझौता

अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल समझौते को स्थगित करने का फैसला किया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. भारत ने साफ किया था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय तरीके से बंद नहीं करता, तब तक यह समझौता स्थगित रहेगा.

इसके बाद दोनों देशों के बीच जल बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ गया था. इसी दौरान मलिक ने भारत के खिलाफ धमकी भरा बयान दिया था.

तीन साल बाद पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा संभव

20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में मलिक के शामिल होने पर मई 2023 के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आएगा. भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच उनकी मौजूदगी को कूटनीतिक लिहाज से अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- भारत दौरे पर प्रिंस विलियम और केट मिडलटन: ‘अर्थशॉट प्राइज’ समारोह में होंगे शामिल, पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात

हालांकि सम्मेलन में मलिक की भागीदारी का विस्तृत एजेंडा अभी सामने नहीं आया है. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस बहुपक्षीय मंच पर जल सुरक्षा और सिंधु जल समझौते जैसे मुद्दों को लेकर क्या चर्चा होती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026