प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से फोन पर बातचीत की. इसके अलावा जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला II से भी उनकी बातें हुईं. इस दौरान उन्होंने हालिया हमलों की कड़ी निंदा की और वहां के लोगों के साथ भारत की पूरी एकजुटता जताई.
पीएम मोदी ने किंग को बताया कि भारत उनके इलाकों पर हुए हमलों को बिल्कुल गलत मानता है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत खाड़ी देशों के साथ खड़ा है. साथ ही पीएम मोदी ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय को सुरक्षा और सहायता देने के लिए किंग का धन्यवाद भी दिया.
Had a productive telephone conversation with the King of Bahrain, His Majesty King Hamad Bin Isa Al Khalifa. India condemns the attacks on Bahrain and stands in solidarity with its people in this difficult hour. I thank him for the steadfast support extended to the Indian…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2026
ट्वीट में पीएम मोदी ने क्या कहा?
फोन बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से सार्थक बातचीत हुई. भारत बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करता है और इस कठिन घड़ी में वहां के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है. बहरीन में भारतीय समुदाय को दिए गए अटूट समर्थन के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं.”
बहरीन में डिफेंस फोर्स ने नाकाम किए हमले
बहरीन डिफेंस फोर्स के जनरल कमांड ने बताया कि ईरान के हमलों को पूरी तरह रोक दिया गया. उनकी मिसाइल वायु रक्षा प्रणालियों ने 61 मिसाइलें और 34 ड्रोन को नष्ट कर दिया. सभी रक्षा सिस्टम अब भी किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
जनरल कमांड ने कहा कि नागरिक इलाकों और संपत्ति पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से हमला करना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है. उन्होंने इसे अंधाधुंध और गैरकानूनी करार दिया. इस तरह के हमले पूरे क्षेत्र की शांति के लिए खतरा हैं.
बहरीन ने अपनी सुरक्षा का अधिकार जताया
बहरीन सरकार ने साफ कहा कि अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए वह हर जरूरी कदम उठाएगी. जनरल कमांड ने लोगों से अपील की कि वे घर के अंदर रहें, सिर्फ जरूरत पड़ने पर बाहर निकलें और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. अफवाहों से दूर रहने की सलाह भी दी गई.
अमेरिका-इजरायल हमलों से तनाव की शुरुआत
पश्चिम एशिया में यह नया संघर्ष अमेरिका और इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ. इन हमलों का मकसद ईरान की मिसाइल क्षमता और सैन्य ठिकानों को कमजोर करना था. इसके जवाब में ईरान ने अब आसपास के देशों पर हमले तेज कर दिए हैं.
प्रधानमंत्री मोदी की यह बातचीत मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत की सक्रिय कूटनीति का हिस्सा है. भारत न सिर्फ अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है बल्कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए भी प्रयास कर रहा है. भारतीय समुदाय बहरीन में सुरक्षित है और सरकार हर स्तर पर उनकी निगरानी कर रही है.
Spoke with His Majesty King Abdullah II, the King of Jordan. Conveyed our deep concern at the evolving situation in the region. We reaffirm our support for peace, security and the well-being of the people of Jordan. I thanked him for taking care of the Indian community in Jordan…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2026
लोगों से सतर्क रहने की अपील
बहरीन प्रशासन ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे शांत रहें और आधिकारिक चैनलों से ही खबरें लें. स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर और कदम उठाए जाएंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



