पीएम मोदी.
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा को बीच में घटाकर भारत लौट रहे हैं. यह निर्णय उन्होंने सुरक्षा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लिया है.
पीएम ने सऊदी में डिनर कार्यक्रम भी छोड़ा
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ द्विपक्षीय बातचीत की, लेकिन आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद उन्होंने रात्रि भोज में शामिल नहीं होने का फैसला लिया. यह संदेश भारत सरकार की इस हमले को लेकर गंभीरता को दर्शाता है. प्रधानमंत्री बुधवार सुबह तक भारत पहुंच जाएंगे.
CCS बैठक, सुरक्षा एजेंसियों के साथ समीक्षा
हमले के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है. इसके अलावा, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी हो सकती है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.
श्रीनगर में हुई गृह मंत्री की उच्च स्तरीय बैठक
हमले के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंचे और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
पुलिस-बलों का संयुक्त तलाशी अभियान जारी
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीमों ने पहलगाम, अनंतनाग और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. सुरक्षाबल पूरे इलाके की निगरानी कर रहे हैं और आतंकियों को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
हमले में 26 मौतें, विदेशी नागरिक भी शामिल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत की आशंका है, जिनमें दो विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं. खुफिया सूत्रों के अनुसार इस हमले को 4-6 आतंकियों ने अंजाम दिया, जिनमें कुछ पाकिस्तानी भी हो सकते हैं. जानकारी मिली है कि इन आतंकियों ने अप्रैल की शुरुआत में इलाके की रेकी की थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




