Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

तीन देशों की यात्रा के दौरान PM मोदी ने नेताओं को भेंट की जनजातीय कला और शिल्प कृतियां

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ढोकरा शिल्प कला से बनी कलाकृतियां ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कुक आइलैंड्स और टोंगा के नेताओं को भेंट की गईं।

PM Modi With Marape

PM नरेंद्र मोदी और पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारेप

भाषा।। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन देशों की अपनी यात्रा के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात की और उन्हें उपहार स्वरुप भारत के विभिन्न क्षेत्रों की जनजातीय कला और शिल्प से जुड़ी कलाकृतियां भेंट कीं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ढोकरा शिल्प कला से बनी कलाकृतियां ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कुक आइलैंड्स और टोंगा के नेताओं को भेंट की गईं।

उनके मुताबिक, मोहनजोदड़ो और हड़प्पा सभ्यताओं के अवशेषों में ढोकरा शिल्प की खोज की गई है, जो इसके ऐतिहासिक और पारंपरिक महत्व को साबित करती है। खुदाई में मोम की कलाकृतियों में से एक मोहनजोदड़ो की नृत्यांगना की मूर्ति मिली। मोहनजोदड़ो में मिली यह नाचती हुई लड़की की मूर्ति, शिल्प की उत्पत्ति और निरंतरता का प्रमाण है।

ढोकरा कला जानवरों के आदिवासी विषयों, पौराणिक जीवों, मानव जीवों, और प्राकृतिक आकारों से प्रेरित है।

मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष जस्टिन ट्रूडो के लिए गोंड चित्रकला को चुना। इस चित्रकला की गिनती सर्वश्रेष्ठ जनजातीय कला रूपों में की जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि दीवारों और फर्श पर चित्रकारी करना गोंड लोगों के घरेलू जीवन का हिस्सा रहा है, विशेष रूप से परिधानों के बीच, क्योंकि ये चित्र स्थानीय रंगों और सामग्रियों जैसे चारकोल, रंगीन मिट्टी, पौधे का रस, पत्तियों, गाय के गोबर, चूना पत्थर के पाउडर, इत्यादि से, प्रत्येक घर के निर्माण और पुनः निर्माण में बनाए जाते हैं। इन चित्रों में, टैटू या अतिसूक्ष्म मानव और पशु रूप बनाए जाते हैं।

प्रशांत द्वीप देश, नियू के एक नेता को एक पिथौरा उपहार में दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह गुजरात के छोटा उदयपुर के राठवा कारीगरों की पारंपरिक लोक कला है। पिथोरा चित्रकला का जनजातीय लोगों के जीवन में विशेष महत्व है तथा उनका यह मानना है कि घरों की दीवारों पर इस चित्रकारी से घर में शान्ति, खुशहाली व सौहार्द का विकास होता है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा जनजातीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री ने बुधवार को जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की अपनी तीन देशों की यात्रा समाप्त की।

भाषा इनपुट- 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism