PM Modi Gifts to World Leaders: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के दौरान कूटनीति के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तशिल्प का भी पूरी दुनिया के सामने शानदार प्रदर्शन किया है. इस दौरे पर पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज समेत 14 देशों के राष्ट्राध्यक्षों व प्रमुख नेताओं को भारत के अलग-अलग राज्यों की सदियों पुरानी कलाकृतियों से जुड़े विशेष उपहार भेंट किए. इन अनूठे तोहफों के जरिए भारतीय कारीगरों के अद्भुत हुनर, मेहनत और देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक वैश्विक मंच पर देखने को मिली.
ट्रंप को मिली नाथद्वारा की गोल्डन पिछवाई पेंटिंग
प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की विश्वप्रसिद्ध गोल्डन पिछवाई पेंटिंग भेंट की. कपड़े पर उकेरी जाने वाली यह पारंपरिक चित्रकला अपनी बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है. इसमें प्राकृतिक खनिज रंगों और असली सोने की बारीक सजावट के साथ कमल, गाय, पेड़ और भव्य सजावटी आकृतियां बनाई जाती हैं, जो इसे बेहद शाही स्वरूप देती हैं.

फिलीपींस के राष्ट्रपति को कश्मीर की पारंपरिक सौगात
मेजबान देश फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को पीएम मोदी ने पारंपरिक कश्मीरी रेशमी कालीन उपहार में दिया. अपनी प्राकृतिक चमक, मुलायम बनावट और हजारों बारीक गांठों के लिए प्रसिद्ध इस कालीन को तैयार करने में कारीगरों को महीनों से लेकर वर्षों तक का समय लगता है, जिसमें कश्मीर की वादियों और चिनार के पत्तों की खूबसूरती झलकती है.
वहीं, फिलीपींस की प्रथम महिला लुईस अरनेटा-मार्कोस को एक खूबसूरत पेपर माशे बॉक्स में पारंपरिक कश्मीरी पश्मीना शॉल भेंट की गई, जो चांगथांगी बकरी की बेहद मुलायम और गर्म ऊन से तैयार होती है.
जापान की पीएम को बनारसी सिल्क स्टोल
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची को रॉयल ब्लू रंग का बनारसी कतान सिल्क स्टोल एक नक्काशीदार सदेली बॉक्स में रखकर भेंट किया गया, जो वाराणसी के बुनकरों की पीढ़ियों पुरानी कला का जीवंत उदाहरण है. दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की प्रसिद्ध जयपुर ब्लू पॉटरी की कलाकृति दी गई. अपनी चमकदार सफेद सतह और गहरे नीले रंग के हाथ से बने फूलों व ज्यामितीय डिजाइनों के लिए यह कला दुनिया भर में मशहूर है.

म्यांमार और मलेशिया के नेताओं को चांदी की बेजोड़ कारीगरी
पीएम मोदी ने म्यांमार और ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर की जीआई (GI) टैग प्राप्त बिदरी कला का फूलदान भेंट किया. जस्ता और तांबे के मिश्रण से बने इस गहरे काले पात्र पर चांदी के तारों की जड़ाई इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती है. इसके अलावा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की बारीक नक्काशी वाली पारंपरिक उरली भेंट की गई, जिसे भारतीय संस्कृति में शुद्धता, समृद्धि और अतिथि सत्कार का प्रतीक माना जाता है.
लाओस को मिला रोज क्वार्ट्ज का हाथी
वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को प्राकृतिक रंगों और वन्यजीवों की आकृतियों से सजी पारंपरिक भारतीय चमड़े की दीवार सजावट (लेदर वॉल हैंगिंग) भेंट की गई. वहीं, लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्साय सिफांडोन को प्राकृतिक गुलाबी पत्थर से तराशा गया और सोने की नक्काशी से सजा रोज क्वार्ट्ज का हाथी उपहार में दिया गया, जो भारतीय परंपरा में शक्ति, बुद्धिमत्ता और राजसी वैभव का प्रतीक है.

ये भी पढ़ें- 8 दिन बाद दूल्हा बनने वाला था करन, घर पहुंचा तिरंगे में लिपटा शव; शादी की खुशियां मातम में बदलीं
गुजरात की कला ने जीता तिमोर-लेस्ते और थाईलैंड का दिल
गुजरात के स्थानीय शिल्प को भी इस कूटनीतिक मंच पर खास जगह मिली. तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री काय राला शनाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात में अर्ध-कीमती पत्थर को तराशकर बनाई गई अगेट बाउल (कटोरी) दी गई. वहीं, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल को गुजरात के कच्छ (निरोना गांव) की दुर्लभ रोगन कला की पेंटिंग भेंट की गई, जिसे उबले हुए अरंडी के तेल और प्राकृतिक रंगों से धातु की सलाई के जरिए कपड़े पर उकेरा जाता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



