Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

PM Modi Thailand Visit: BIMSTEC Summit में शामिल हुए पीएम मोदी, तस्वीरें शेयर कर कही ये खास बातें…

PM Modi Thailand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैंकॉक में छठी बिम्सटेक समिट में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और म्यांमार व थाईलैंड के नेताओं से मुलाकात की.

PM Modi Thailand Visit

PM Modi Thailand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित छठी बिम्सटेक (BIMSTEC) समिट में हिस्सा लिया. उन्होंने इस मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा कीं और बताया कि सभी नेताओं ने क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई.

पीएम मोदी ने लिखा, “बैंकॉक में बिम्सटेक समिट के दौरान साथी नेताओं के साथ. हमने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई. हमारी कोशिशें लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं, यही कामना है.”

म्यांमार के सीनियर जनरल से मुलाकात

इस समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने म्यांमार के सीनियर जनरल मिन आंग हलाइंग से भी मुलाकात की. उन्होंने 28 मार्च को म्यांमार में आए भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान पर शोक जताया.

पीएम मोदी ने कहा, “हम म्यांमार के लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं. हमने आपसी संबंधों पर चर्चा की. खास तौर पर कनेक्टिविटी, क्षमता निर्माण और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लेकर बात हुई.”

बिम्सटेक महासचिव की प्रतिक्रिया

बिम्सटेक महासचिव इंद्र मणि पांडे ने प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से पहले कहा कि उनका भाषण भारत की क्षेत्रीय सहयोग में भूमिका को और मजबूत करेगा. उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का इंतजार कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि वे ऐसे ऐलान करेंगे जो बिम्सटेक के जरिए भारत की भागीदारी को और गहरा करेंगे.”

उन्होंने भूकंप के बावजूद समिट की मेजबानी करने के लिए थाईलैंड की सराहना भी की और भरोसा जताया कि इस समिट से कई सकारात्मक फैसले लिए जाएंगे. इसमें ‘बैंकॉक विजन 2030’ को अपनाना भी शामिल होगा.

थाई प्रधानमंत्री से मुलाकात

बैंकॉक दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी ने थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगटर्न शिनावात्रा से भी मुलाकात की. दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा के साथ-साथ रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की.

पीएम मोदी ने बताया, “थाई प्रधानमंत्री से मेरी बहुत ही सार्थक बातचीत हुई. थाईलैंड की सरकार और लोगों द्वारा दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया. हाल ही में आए भूकंप को लेकर भी एकजुटता जताई.”

उन्होंने आगे कहा, “भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और थाईलैंड की ‘एक्ट वेस्ट’ नीति एक-दूसरे की पूरक हैं. इससे दोनों देशों के बीच सहयोग के कई नए रास्ते खुलते हैं, जैसे डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन.”

ये भी पढ़ें: “दशकों से हाशिए पर रहे लोगों की आवाज बनेगा वक्फ कानून”, Waqf Amendment Bill संसद से पास होने पर PM Modi बोले- हम ऐसे युग में…

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital