Bharat Express DD Free Dish

Russia–Ukraine Peace Plan: ट्रंप के 28-प्वाइंट प्लान के जवाब में यूरोप ने पेश किया वैकल्पिक प्रस्ताव

रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका ने 28-प्वाइंट का शांति प्रस्ताव दिया था, जिसमें यूक्रेन से क्षेत्रीय रियायतें मांगी गई थीं। इसके उलट यूरोपीय देशों ने वैकल्पिक योजना पेश की.

Russia–Ukraine Peace Plan 2025: रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में 28-प्वाइंट का एक पीस प्लान जारी किया. इसमें यूक्रेन से रूस को कुछ क्षेत्र सौंपने, सैन्य क्षमता सीमित करने और मॉस्को पर कथित युद्ध अपराधों के लिए कार्रवाई न करने जैसी शर्तें शामिल थीं. इस प्रस्ताव ने कई यूरोपीय देशों को चौंका दिया.

यूरोप का वैकल्पिक प्रस्ताव

रविवार को यूरोपीय देशों ने भी 28-प्वाइंट का एक वैकल्पिक शांति प्रस्ताव पेश किया. इसमें अमेरिका समर्थित मसौदे की कई शर्तों को खारिज कर दिया गया और साफ कहा गया कि किसी भी समाधान में यूक्रेन की संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए. यूरोपीय नेताओं का मानना है कि क्षेत्रीय वार्ता केवल युद्धविराम के बाद ही शुरू होनी चाहिए और भूमि का कोई पूर्व-निर्धारित हस्तांतरण स्वीकार्य नहीं होगा.

NATO और संप्रभुता पर रुख

अमेरिकी प्रस्ताव में यूक्रेन को भविष्य में NATO सदस्य बनने से रोकने की बात कही गई थी. इसके उलट यूरोपीय योजना में यह साफ किया गया कि इस पर सहयोगियों के बीच फिलहाल कोई सर्वसम्मति नहीं है लेकिन यूक्रेन की राह बंद नहीं की जाएगी. यानी यूरोप ने यूक्रेन की संप्रभुता और स्वतंत्र फैसलों को प्राथमिकता दी है.

सेना और परमाणु संयंत्र पर अंतर

अमेरिका की योजना में यूक्रेन को 6 लाख सैनिक रखने की अनुमति थी जबकि यूरोपीय प्रस्ताव में इसे बढ़ाकर 8 लाख तक करने की बात कही गई है. इसके अलावा जापोरिझ्झिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के नियंत्रण में देने और उसके उत्पादन को मॉस्को व कीव के बीच बराबर बांटने का सुझाव भी यूरोप ने दिया है.

G-20 में चर्चा

दक्षिण अफ्रीका में हुए जी20 शिखर सम्मेलन में कई यूरोपीय नेताओं ने अमेरिकी प्रस्ताव पर सवाल उठाए और कहा कि इस पर ‘अतिरिक्त काम’ की जरूरत है. यही वजह रही कि यूरोप ने तुरंत अपनी अलग योजना पेश कर दी ताकि यूक्रेन के हितों को प्राथमिकता दी जा सके.

ये भी पढ़ें-दिल्ली-NCR में सांसों पर संकट: AQI 450 पार, वर्क फ्रॉम होम की सलाह

अमेरिका और यूरोप के बीच शांति योजना को लेकर बड़ा मतभेद सामने आया है. जहां अमेरिका रियायतों पर जोर दे रहा है, वहीं यूरोप यूक्रेन की संप्रभुता और सुरक्षा को केंद्र में रखकर आगे बढ़ना चाहता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read