Bharat Express DD Free Dish

आतंकवाद पर पीएम मोदी का जीरो टॉलरेंस! SCO शिखर सम्मेलन में कहा- यह दहशत का घिनौना रूप

PM Modi SCO Summit China: चीन के तियानजीन में आयोजित SCO की बैठक में पीएम मोदी ने संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने आतंकवाद पर सभी देशों को एक साथ आने का आह्वान किया.

PM Modi SCO Summit China

चीन के तियानजीन में आयोजित SCO की बैठक में पीएम मोदी ने संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने आतंकवाद पर सभी देशों को एक साथ आने का आह्वान किया. पीएम मोदी ने पाक समर्थित आतंकवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि पहलगाम में दुनिया ने आतंकवाद का घिनौना रूप देखा. सीमापार आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाया जाए.

बता दें कि, शंघाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी पहुंचे हुए हैं. पीएम मोदी ने दुनिया को आतंकवाद पर दोहरा रवैया नहीं अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि, आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए चुनौती है. यह शांति और विकास में बाधा बनता है.

क्षेत्रीय शांति के लिए आतंकवाद बड़ा खतरा

पीएम मोदी ने कहा कि, आतंकवाद हमारी क्षेत्रीय शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा है. भारत ने हमेशा ही सीमा पार आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दृष्टिकोण रखा है.

साइबर आतंकवाद बड़ा खतरा

पीएम मोदी ने इस दौरान साइबर आतंकवाद को भी बड़ा खतरा बताया. उन्होंने कहा कि, हमें साइबर आतंकवाद और ड्रोन जैसे नए उभरते खतरों का भी सामना करना होगा.

बिना नाम लिये पाकिस्तान को घेरा

पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान आतंकवाद के मुद्दे पर बिना नाम लिये पाकिस्तान को घेरा. उन्होंने कहा कि किसी भी देश के विकास का आधार, सुरक्षा, शांति और स्थिरता है. लेकिन आतंकवाद इस राह में बड़ी बाधा है. यह सिर्फ किसी एक देश की सुरक्षा के लिए चुनौती नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए खतरा है. कोई भी देश समाज इससे सुरक्षित नहीं रह सकता.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की इंटरनेशनल बेइज्जती! पुतिन के सामने हुई शहबाज शरीफ की फजीहत, रूसी राष्टपति ने क्यों उड़ाई हंसी? जाने वाकया

नए अवसरों से SCO नेताओं को कराया अवगत

अपने भाषण में पीएम मोदी ने स्टार्ट-अप्स, इनोवेशन, डिजिटलीकरण और साझा बौध धरोहरों जैसे अवसरों के बारे में सम्मेलन में मौजूद नेताओं को बताया. उन्होंने कहा कि, एससीओ सिर्फ सरकारों तक ही सीमित ना हो, बल्कि आम लोगों, युवा वैज्ञानिकों, उद्यमियों और विद्वानों तक भी पहुंचे. उन्होंने दोनों देशों के बीच संपर्क को और मजबूत करने का सुझाव दिया.

रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर जोर

पीएम मोदी ने एससीओ में अपने भाषण के दौरान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि यहीं आगे बढ़ने का मंत्र है. कोविड हो या वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, हमने हर चुनौती को अवसर में बदलने की कोशिश की है. सुधारों पर लगातार काम हो रहा है. जिससे देश में विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं. उन्होंने सभी देशों को भारत के विकास की यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read