China Flood Snake Escape
China Flood Snake Escape: दक्षिणी चीन इस समय बाढ़ से जूझ रहा है. एक बड़ा इलाका बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है. इसी बीच एक गांव में बाढ़ का ऐसा खौफनाक नजारा देखने को मिला, जिससे लोग दहशत में आ गये. टाइफून मेसाक की वजह से आई भारी बाढ़ ने एक सांप प्रजनन फार्म को तबाह कर दिया. इसके बाद सैकड़ों सांप पानी के तेज बहाव के साथ आसपास के घरों, खेतों और सड़कों तक फैल गए.
यह घटना ग्वांग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र के हेंगझोउ शहर के पास स्थित डेंगवेई गांव की है. लगातार बारिश के कारण इलाके के नदी-नाले ओवरफ्लो हो गए और तटबंध टूट गए. देखते ही देखते बाढ़ का पानी गांव में घुस गया और एक स्थानीय स्नेक ब्रीडिंग फार्म को भी अपनी चपेट में ले लिया.
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ग्रस्त फार्म से करीब 800 से 900 सांप बाहर निकल गए. सांपों के इस तरह गांव में फैल जाने के बाद प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन चेतावनी जारी की और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की.
900 snakes from flooded killer cobra farm bite residents rushed to hospital
State of emergency declared pic.twitter.com/mx8OYMkDKM
— RT (@RT_com) July 11, 2026
सांप बाढ़ के पानी में बहते दिखाई दिये
चीनी सरकारी मीडिया में सामने आए वीडियो ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी. वीडियो में कई सांप कीचड़ भरे बाढ़ के पानी में बहते हुए दिखाई दे रहे थे. एक क्लिप में तो कोबरा तेज बहते पानी के बीच सिर उठाए नजर आया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई.
बताया जा रहा है कि टाइफून मेसाक दक्षिणी चीन में भारी बारिश लेकर आया. बाढ़ का पानी जैसे ही डेंगवेई गांव में तेजी से बढ़ा, उसने सांप फार्म की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ दिया. इसके बाद सांप खेतों, गलियों और रिहायशी इलाकों की ओर निकल गए.
बाढ़ के पानी से दूर रहने की अपील
अधिकारियों ने 7 जुलाई को इस घटना की पुष्टि की. इसके बाद लोगों को चेतावनी दी गई कि वे बाढ़ के पानी से दूर रहें और किसी भी सांप को देखने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें. भागे हुए सांपों को पकड़ने के लिए स्थानीय अधिकारियों और ग्रामीणों की टीमें तैनात की गईं. इन टीमों ने मछली पकड़ने वाले जाल और खास उपकरणों की मदद से सांपों को पकड़ने का अभियान शुरू किया.
अधिकारियों का कहना है कि भागे हुए ज्यादातर सांप गैर-विषैले प्रजातियों के थे. इनमें जल सर्प और किंग रैट स्नेक जैसी प्रजातियां शामिल थीं. हालांकि, कुछ विषैले कोबरा सांपों के भी निकलने की खबर है, जिसकी वजह से खतरा और बढ़ गया. इसी कारण प्रशासन ने सांप के काटने से बचाव के लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए.
सांप के काटने की नहीं हुई पुष्टि
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, घटना के दौरान कम से कम एक व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि सांप के काटने से किसी बड़ी घटना की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.
विशेषज्ञों का मानना है कि बाढ़ के पानी में कई सांप या तो डूब गए होंगे या दूर-दूर तक फैल गए होंगे. इससे आसपास के इलाकों के लिए लंबे समय का खतरा हो सकता है.
टाइफून मेसाक के कारण आया बाढ़
ग्वांग्शी इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है. टाइफून मेसाक के कारण कई इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान हुआ है. हालांकि कुछ जगहों पर पानी घटने लगा है.
ये भी पढ़ें- शिवसेना UBT का बड़ा दांव, नरोत्तम मिश्रा को मशाल चिन्ह पर चुनाव लड़ने का दिया न्योता
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ-साथ भागे हुए सांपों से पैदा हुए खतरे को नियंत्रित करना है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
