Bharat Express DD Free Dish

‘जमीन पर पड़े शव…’, बाप-बेटे की जोड़ी ने किया सिडनी में ‘नरसंहार’, अब तक 16 की मौत; चश्मदीदों ने क्या बताया

Australia Mass Shooting Updates: ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के बोंडी बीच पर हनुक्का समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में 16 लोगों की मौत हो गई. बाप-बेटे पर हमले का आरोप. हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गरमाई.

Bondi Beach Sydney shooting during Hanukkah event

Australia Mass Shooting Updates: ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के सिडनी में बोंडी बीच पर रविवार(14 दिसंबर) को हुई गोलीबारी में अब तक 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई है. सिडनी के बोंडी बीच पर तब गोलीबारी की गई, जब वहां हनुक्का समारोह का आयोजन किया जा रहा था. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना को अंजाम देने वाले बाप और बेटे हैं, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने दी जानकारी

ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, “आज बोंडी बीच पर दो लोगों की ओर से एक सार्वजनिक जगह पर हुई गोलीबारी के बाद वहां पुलिस ऑपरेशन जारी है.” न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर एम लेनयन के अनुसार घटना ऑस्ट्रेलियन ईस्टर्न डेलाइट टाइम के मुताबिक शाम को करीब 6 बजकर 47 मिनट पर बोंडी बीच में आर्चर पार्क के पास हुई.

चश्मदीदों ने क्या बताया?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चश्मदीदों ने बताया है कि उन्होंने घटनास्थल पर “जमीन पर पड़े शव” देखे. उन्होंने आगे कहा कि जब गोलीबारी शुरू हुई, तब वह अपने बच्चों के साथ बीच पर आयोजित हनुका कार्यक्रम में मौजूद थे. गोलियां चलने के बाद वह अपने बच्चों के साथ वहां से भागने लगे.

महिला चश्मदीद ने बताया, “आज दोपहर मैं ब्रोंटे बीच पर थी, जैसा कि मैं काम के बाद आम तौर पर करती हूं, तभी मुझे लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. मेरे अनुमान से करीब 20 धमाके थे.”


ये भी पढ़ें: आतंकी हमले से दहला सिडनी, पीएम मोदी ने दुख जताते हुए दोहराई जीरो टॉलरेंस की प्रतिबद्धता


अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गरमाई

इस हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गरमा गई है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज की सरकार पर यहूदी विरोध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. नेतन्याहू ने कहा कि फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता जैसे फैसले यहूदी-विरोधी भावना को भड़काते हैं और वैश्विक यहूदी विरोध के खिलाफ सख्त रुख अपनाना जरूरी है. ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और मामले की आतंकी एंगल से भी जांच की जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read