Canada shooting
Canada shooting: कनाडा के टोरंटो शहर में शनिवार शाम एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना मिडटाउन टोरंटो में आयोजित सालाना लैटिन सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ के दौरान हुई. टोरंटो पुलिस के अनुसार, रात करीब 8 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंगटन एवेन्यू के पास अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल से पांच लोगों को गोली लगने की पुष्टि हुई. इनमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हमलावर की तलाश जारी
घटना के बाद टोरंटो पुलिस ने पूरे इलाके में ‘एक्टिव शूटर’ का अलर्ट जारी किया है. पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया है और संदिग्ध की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल इस इलाके से दूर रहें. पुलिस अभी हमले के कारण और हमलावर के मकसद की जांच कर रही है. अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है. जांच टीम चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
ये भी पढ़ें: चीन में पानी में तैरते दिखा नागों का झुंड! फन उठाये घर-घर घूम रहे सांप, दहशत में जी रहे लोग
ओंटारियो के प्रीमियर ने जताया शोक
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने इस गोलीबारी पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सेंट क्लेयर सालसा फेस्टिवल में हुई इस हिंसक घटना से उन्हें बेहद दुख पहुंचा है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही कहा कि इस हादसे से प्रभावित सभी लोगों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



