Urdu Conclave 2026

तुर्किये में बड़ा विमान हादसा, लीबिया के सैन्य प्रमुख समेत 5 की मौत

Turkey Plane Crash: तुर्किये में बड़ा विमान हादसा हुआ जिसमें लीबिया के सैन्य प्रमुख मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद समेत पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद अंकारा एयरपोर्ट बंद कर दिया गया और जांच जारी है.

Turkey Plane Crash: तुर्किये में मंगलवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हुआ जिसमें लीबिया के सैन्य प्रमुख मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद समेत पांच लोगों की मौत हो गई. लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हमीद दबीबे ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे देश के लिए बेहद दुखद और बड़ी क्षति बताया. हादसा उस समय हुआ जब लीबियाई प्रतिनिधिमंडल अंकारा से आधिकारिक दौरे के बाद अपने देश लौट रहा था.

अंकारा एयरपोर्ट बंद

हादसे के बाद अंकारा एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और कई उड़ानों को अन्य जगहों पर डायवर्ट किया गया. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच चल रही है. इस घटना को लीबिया की सुरक्षा और राजनीति के लिहाज से गंभीर झटका माना जा रहा है. मृतकों में मिलिट्री चीफ अल-हद्दाद के अलावा लेफ्टिनेंट जनरल अल-फितौरी घ्राबिल, ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कातिवी, लेफ्टिनेंट जनरल अल-फायतुरी गरीब, सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब शामिल हैं.

उड़ान के 40 मिनट बाद टूटा संपर्क

तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि विमान ने रात करीब 8:30 बजे अंकारा के एसेनबोगा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. लगभग 40 मिनट बाद ही विमान से संपर्क टूट गया. बाद में इसका मलबा अंकारा के पास बरामद किया गया. माना जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से संपर्क टूटा था. विमान ने हायमाना जिले के पास इमरजेंसी लैंडिंग का सिग्नल भी भेजा था लेकिन कुछ ही देर बाद संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया.

रक्षा मंत्री से मुलाकात के बाद हादसा

अल-हद्दाद पश्चिमी लीबिया के शीर्ष सैन्य कमांडर थे और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में सेना को एकजुट करने की कोशिशों में अहम भूमिका निभा रहे थे. वह तुर्किये के रक्षा मंत्री यासर गुलर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात के बाद अपने देश लौट रहे थे.

ये भी पढ़ें-झज्जर में मौत का तांडव! कार पर पलटा ओवरलोडेड ट्रक, तिनके की तरह पिचक गई गाड़ी, 5 की मौत

डसॉल्ट फाल्कन 50 में सफर कर रहे थे

अल-हद्दाद जिस विमान में सफर कर रहे थे वह डसॉल्ट फाल्कन 50 (9H-DFS) था. यह सुपर मिड-साइज, ट्रिपल-इंजन बिजनेस जेट है जिसे हार्मनी जेट्स ऑपरेट करती है. माल्टा में रजिस्टर्ड यह विमान 1988 में बना था और इसमें 10 यात्रियों की क्षमता है. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस विमान में वाई-फाई भी मौजूद था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read