UK PM Keir Starmer Resigns: यूनाइटेड किंगडम (UK) की राजनीति का ‘म्यूजिकल चेयर’ गेम रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. देश के नाम अपने संबोधन में स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने राजा चार्ल्स तृतीय (King Charles III) से बात कर ली है और अगले पीएम के चुने जाने तक वह ‘केयरटेकर’ के रूप में काम करेंगे. इस इस्तीफे ने ब्रिटेन की अस्थिर राजनीति में एक बार फिर आग लगा दी है, क्योंकि पिछले 10 साल में स्टार्मर पद छोड़ने वाले छठे प्रधानमंत्री बन गए हैं.
174 सीटों के बहुमत से ‘इस्तीफे’ तक
यह इस्तीफा किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि जुलाई 2024 के आम चुनाव में ही स्टार्मर ने 174 सीटों के ऐतिहासिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की थी. फिर अचानक ऐसा क्या हुआ जो अब वो अपने पद को छोड़ रहे हैं?
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में स्टार्मर के कई फैसलों ने उनकी छवि को मिट्टी में मिला दिया. सबसे बड़ा विवाद लेबर पार्टी के सीनियर नेता पीटर मेंडलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत बनाना था, जिनके संबंध कुख्यात यौन अपराधी ‘जेफरी एप्सटीन’ से थे. इसके अलावा, टैक्स और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर ‘यू-टर्न’ लेने के कारण उन पर लेबर पार्टी के भीतर से ही इस्तीफे का भारी दबाव बन गया था.
एंडी बर्नहम: ब्रिटेन का नया ‘बॉस’? (Andy Burnham After Keir Starmer)
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब ब्रिटेन की कुर्सी के सबसे बड़े दावेदार के रूप में एंडी बर्नहम का नाम सबसे आगे है. पिछले हफ्ते ही उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड उपचुनाव में एंडी बर्नहम ने दक्षिणपंथी प्रतिद्वंदी को हराकर जबरदस्त जीत हासिल की थी. ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर और कैबिनेट मंत्री रह चुके बर्नहम को अब सत्ताधारी लेबर पार्टी का अगला ‘सुप्रीमो’ और ब्रिटेन का नया पीएम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: सुहरावर्दी VS सुहरावर्दी: बंगाल का कसाई या सम्मान! आखिर किसके नाम पर थी सड़क? जाने पूरा सच
बदलाव का आखिरी मौका (Keir Starmer Labour Party crisis)
एंडी बर्नहम ने इस मौके को भुनाते हुए साफ कर दिया है कि यह लेबर पार्टी के लिए “बदलाव का आखिरी मौका” है. उन्होंने ‘ट्रिकल-डाउन इकोनॉमिक्स’ (Trickle-Down Economics) जैसी नीतियों को खत्म करने का वादा किया है, जिनका फायदा आम जनता को कभी नहीं मिला. अब पूरी दुनिया की नजरें ब्रिटेन पर टिकी हैं कि एंडी बर्नहम किस तरह इस राजनीतिक संकट से देश को बाहर निकालते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

