Ukraine Russia War: रविवार को यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन भेजकर बड़ा हमला किया. मॉस्को के पोडॉल्स्क इलाके में वाइल्डबेरीज वेयरहाउस पर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई और आसमान में काले धुएं के गुबार उठते देखे गए. रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए.
राजधानी पर निशाना
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि लगभग 600 ड्रोन राजधानी की ओर बढ़ रहे थे. इनमें से एक तिहाई को मॉस्को क्षेत्र में ही नष्ट कर दिया गया. गवर्नर एंड्री वोरोब्योव ने बताया कि एयर डिफेंस ने 187 ड्रोन को मार गिराया.
कई जगहों पर आग
डोमोडेडोवो के फार्मास्यूटिकल वेयरहाउस और वोस्क्रेसेन्स्क की इंडस्ट्रियल साइट पर भी आग लगने की खबर है. पोडॉल्स्क के वाइल्डबेरीज वेयरहाउस में भीषण आग की पुष्टि हुई है. इन हमलों में तीन लोग घायल हुए.
मौत और तबाही
वोरोब्योव ने कहा कि मॉस्को क्षेत्र में एक निजी घर पर ड्रोन हमले में 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं, रोस्तोव इलाके में 150 से अधिक ड्रोन से किए गए हमले में पांच लोगों की जान गई. कई घरों और रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा और जंगल में आग लग गई.
वाइल्डबेरीज बार-बार निशाने पर
वाइल्डबेरीज, जिसे रूस का अमेजन कहा जाता है, यूक्रेन के हमलों में लगातार निशाना बन रहा है. जुलाई से अब तक कंपनी के कम से कम 20 वेयरहाउस पर हमला हो चुका है. कोलेडिनो डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर, जो मॉस्को क्षेत्र का बड़ा हब है, भी इस बार निशाने पर रहा.
रूस का पलटवार
रूस ने भी यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. कीव, क्रेमेनचुक और क्रीवी रिह में हमले की खबर है. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि क्रीवी रिह पर मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए और 14 घायल हुए. सुमी में एक और व्यक्ति की मौत हुई. कीव में दो जिलों में आग लगी और छह लोग घायल हुए.
जेलेंस्की का आरोप
जेलेंस्की ने कहा कि रूस बैलिस्टिक मिसाइलों से सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है. सुबह से कई इलाकों में एयर रेड अलर्ट जारी हैं और रूस ने ड्रोन की नई लहर शुरू कर दी है. यूक्रेन की एयर फोर्स ने बताया कि तीन क्रूज मिसाइलें और 85 ड्रोन को मार गिराया गया, जबकि 13 जगहों पर हमले दर्ज हुए.
रूस के टारगेट
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उनके हमले कीव की मिलिट्री-इंडस्ट्रियल फैसिलिटी, क्रेमेनचुक ऑयल रिफाइनरी और क्रीवी रिह के आर्सेलरमित्तल कॉम्प्लेक्स पर केंद्रित थे. RBC-यूक्रेन के अनुसार, वहां की एनर्जी और ब्लास्ट फर्नेस प्रोडक्शन फैसिलिटी को नुकसान पहुंचा और उत्पादन रोक दिया गया.
रोमानिया की कार्रवाई
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एक स्पेनिश F18 फाइटर जेट ने एक ड्रोन को मार गिराया जो मोल्दोवा से रोमानियाई एयरस्पेस में घुसा था. मंत्री राडू मिरुता ने कहा कि रोमानिया अपने एयरस्पेस की रक्षा कर रहा है और सहयोगी देश उसके साथ खड़े हैं. ड्रोन को ओडेसा से 240 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में डेन्यूब नदी के पास इंटरसेप्ट किया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
