Rajnath Singh-Pete Hegseth Call: भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के बीच गुरुवार को टेलीफोन पर अहम बातचीत हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर चर्चा की और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग पर बल दिया.
बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवादियों को समर्थन, प्रशिक्षण और फंडिंग देता आया है. उन्होंने कहा, “पाकिस्तान एक धूर्त राष्ट्र के रूप में पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है, जो वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है. दुनिया अब इस पर आंखें मूंदे नहीं रह सकती.”
राजनाथ सिंह ने जोर देते हुए कहा कि वैश्विक समुदाय को ऐसे जघन्य आतंकी कृत्यों की स्पष्ट और दृढ़ निंदा करनी चाहिए.
अमेरिका ने दिया भारत को पूरा समर्थन
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका के पूर्ण समर्थन की पुनः पुष्टि की. उन्होंने कहा, “अमेरिका भारत के साथ खड़ा है और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है.”
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 निर्दोष और निहत्थे लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी. इसके बाद से ही नियंत्रण रेखा (LOC) पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.
भारतीय सेना के अनुसार, 30 अप्रैल और 1 मई की रात को भी पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टर में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की. भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया. पाकिस्तानी सेना पिछले सात दिनों से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है.
पाकिस्तान के उकसावे की भूमिका
पहलगाम हमले के पीछे पाकिस्तानी सेना और आतंकियों की मिलीभगत का स्पष्ट संकेत है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने 16 अप्रैल को इस्लामाबाद में एक सम्मेलन में भारत विरोधी बयान दिया था. इसके दो दिन बाद, 18 अप्रैल को, पीओके के खैगला, रावलकोट में लश्कर-ए-तैयबा के एक नेता ने भारतीय सेना द्वारा मारे गए दो आतंकियों का बदला लेने की धमकी दी थी. इसके ठीक चार दिन बाद, लश्कर से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने पहलगाम में यह बर्बर हमला किया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

