Bharat Express DD Free Dish

होटल का कमरा, ट्रेन का सफर… ऐसे रची गई खूनी साजिश, वॉशिंगटन शूटिंग केस का पूरा ‘कच्चा चिट्ठा’

Washington Hilton shooting: वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में हुई गोलीबारी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी ट्रंप प्रशासन से जुड़े लोगों को निशाना बनाना चाहता था. गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है.

Washington Hilton shooting, Donald Trump

Washington Hilton shooting

Washington Hilton shooting: अमेरिका के हिल्टन होटल में हुई गोलीबारी के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने बताया कि शनिवार रात वाशिंगटन हिल्टन होटल के बॉलरूम में घुसने की कोशिश कर रहा हमलावर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के प्रशासन से जुड़े लोगों को निशाना बनाना चाहता था.

ट्रेन शिकागो, फिर वॉशिंगटन

NBC के कार्यक्रम ‘Meet the Press’ में टॉड ब्लैंच ने बताया कि संदिग्ध का नाम कोल थॉमस एलन है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का रहने वाला है. वह ट्रेन से पहले शिकागो गया और फिर वहां से वॉशिंगटन पहुंचा. उसने वॉशिंगटन हिल्टन में मेहमान बनकर एक कमरा लिया, जहां यह डिनर कार्यक्रम हो रहा था.

सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, उसने होटल की सुरक्षा तोड़ने की कोशिश की और एक एजेंट पर गोली चला दी. उसके पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू मिले. उस समय बॉलरूम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump), फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप (Melania Trump), उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

आरोपी हैं मैकेनिकल इंजीनियरिंग

गोली चलने की आवाज से बॉलरूम में हड़कंप मच गया और सुरक्षा टीम ने तुरंत एलन को पकड़ लिया. जांच में उसकी पृष्ठभूमि देखकर अधिकारी भी चौंक गए. वह कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ा हुआ है. उसकी लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है, साथ ही वह गेम डेवलपर और शिक्षक भी रहा है.

एलन ने 2017 में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और 2025 में कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. वह एक निजी संस्था में पढ़ाता भी था और दिसंबर 2024 में उसे ‘टीचर ऑफ द मंथ’ का अवॉर्ड मिला था. जांच में सामने आया कि उसने यह हमला अकेले ही किया.


ये भी पढ़ें: 2016 से 2026 तक 4 बार बची डोनाल्ड ट्रंप की जान, जानें कब-कब और किसने और कहां किया हमला?


ट्रंप ने आरोपी ‘लोन वुल्फ’ बताया

डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया के पुलिस प्रमुख और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे ‘लोन वुल्फ’ यानी अकेला हमलावर बताया है. पूछताछ में उसने कहा कि उसका निशाना प्रशासन से जुड़े लोग थे, लेकिन पुलिस अब भी हमले के असली कारण का पता लगा रही है. उसे जल्द ही फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read