BRICS समिट के लिए शी जिनपिंग सात साल बाद भारत दौरे पर आएंगे.
Xi Jinping India visit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) जल्द भारत का दौरा कर सकते हैं. वह नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) में शामिल होने के लिए भारत आ सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के विदेश मंत्रालय (MFA) की ओर से शी जिनपिंग के भारत दौरे का आधिकारिक ऐलान किए जाने की उम्मीद है. अगर यह दौरा होता है तो करीब सात साल बाद चीन के राष्ट्रपति भारतीय जमीन पर कदम रखेंगे.
बताया जा रहा है कि शी जिनपिंग शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंच सकते हैं. इसके बाद शाम करीब छह बजे भारत मंडपम में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हो सकती है. BRICS सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की भी संभावना है. ऐसे में पूरी दुनिया की नजर इस मुलाकात पर रहेगी.
मोदी-शी की मुलाकात क्यों अहम?
भारत और चीन के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. सीमा विवाद और गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ गया था. ऐसे समय में अगर प्रधानमंत्री मोदी (Pm modi) और शी जिनपिंग के बीच भारत में आमने-सामने बातचीत होती है, तो इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जाएगा.
खास बात यह भी है कि गलवान झड़प के बाद यह दोनों नेताओं की भारतीय जमीन पर पहली द्विपक्षीय मुलाकात हो सकती है. इसलिए BRICS बैठक के अलावा मोदी-शी की बातचीत पर भी खास नजर रहेगी.
12-13 सितंबर को दिल्ली में BRICS समिट
भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. इस बार सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है.
समिट में सदस्य और पार्टनर देशों के नेता वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे. साथ ही राजनीतिक-सुरक्षा, आर्थिक-वित्तीय सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी बातचीत होगी. साल 2026 BRICS के लिए खास है, क्योंकि इस संगठन की स्थापना के 20 साल पूरे हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पंजाब से हटा… दिल्ली के वोटर लिस्ट में कैसे जुड़ा राघव चड्ढा का नाम?
2019 में आखिरी बार भारत आए थे शी
शी जिनपिंग आखिरी बार अक्टूबर 2019 में भारत आए थे. 11-12 अक्टूबर को उन्होंने तमिलनाडु के मामल्लापुरम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत-चीन के दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था. इससे पहले 2018 में दोनों नेताओं की मुलाकात चीन के वुहान में हुई थी. अब सात साल बाद संभावित भारत दौरे से दोनों देशों के रिश्तों को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



