Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अहमदाबाद की फैक्ट्री में गैस लीक, दो की मौत, सात घायल

यह घटना उस समय हुई जब कंपनी में सल्फ्यूरिक एसिड का टैंकर खाली किया जा रहा था. इस दौरान ब्लीचिंग सेक्शन में कास्टिक सोडा के साथ रिएक्शन होने के कारण धुआं फैल गया.

गुजरात के अहमदाबाद जिले के नारोल स्थित देवी सिंथेटिक प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में रविवार को गैस लीक (Ahmedabad Gas Leak Incident) होने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई. इस घटना में कंपनी के सात कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ब्लीचिंग सेक्शन में कास्टिक सोडा के साथ हुआ रिएक्शन

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कंपनी में सल्फ्यूरिक एसिड का टैंकर खाली किया जा रहा था. इस दौरान ब्लीचिंग सेक्शन में कास्टिक सोडा के साथ रिएक्शन होने के कारण धुआं फैल गया, जिससे कई कर्मचारी बेहोश हो गए. गैस लीकेज की घटना के बाद तुरंत 108 आपातकालीन सेवा को बुलाया गया. जिसके बाद नौ कर्मचारियों को मणिनगर के एलजी अस्पताल में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया.


ये भी पढें: लखनऊ के कई होटलों को बम से उड़ाने धमकी, जांच में जुटी पुलिस


4 कर्मचारियों की हालत गंभीर

गैस लीकेज की वजह से बेहोश सभी नौ कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से दो कर्मचारी की मौत हो गई. अन्य सात कर्मचारियों का इलाज किया जा रहा है, जिसमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ इलाके में रहने वाले लोगों में चिंता फैल गई है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जीपीसीबी) और पुलिस बल के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने फैक्ट्री का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. फैक्ट्री में गैस लीक कैसे हुआ, इसके पीछे की वजह क्या रही, पुलिस ने इस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपनी जांच शुरू कर दी है. इसके अलावा पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital