Bharat Express DD Free Dish

MahaKumbh 2025: ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने का विरोध करने वाली किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर हमला, आरोप- गहनों समेत 10 लाख रु. भी लूटे

महाकुंभ 2025 में किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर जानलेवा हमला हुआ. उन्होंने आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर हमला करने का आरोप लगाया. हमला रात में उनके शिविर पर किया गया था.

CCTV फुटेज में कुंभमेला क्षेत्र के सेक्टर-8 कैंप का दृश्य.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Prayagraj Mahakumbh 2025: महाकुंभ क्षेत्र में आज किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर जानलेवा हमला हो गया. हमले का आरोप किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर लगा है, हिमांगी सखी का कहना है कि लक्ष्मी अपने साथ 50-60 लोगों को लेकर आई थीं, जिनके पास तीर-धनुष, फरसा और अन्य हथियार थे.

किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी ने रविवार की शाम को मीडियाकर्मियों के समक्ष कहा- “किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के हमलावरों ने मेरे शिविर पर हमला किया. मुझे गंभीर चोटें लगी हैं.” हिमांगी के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 9.50 बजे, जब वह अपने सेवादारों के साथ शिविर में थी, तो लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और उनके साथियों ने 10-12 गाड़ियों में आकर उनके शिविर पर हमला किया. उनके पास लाठी-डंडे, हॉकी, रॉड, तलवार, फरसा, त्रिशूल और असलहे थे.

पूरे घटनाक्रम में हैरत की बात यह है कि पुलिस-प्रशासन ने कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर रखे हैं, हालांकि पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा देने के बावजूद हिमांगी सखी पर जानलेवा हमले की खबरें आ रही हैं. हिमांगी का आरोप है कि उन्‍हें बुरी तरह मारा-पीटा गया और हमलावर उनसे करीब 10 लाख कैश तथा सोने के गहने लूट ले गए.

हमले के आरोपों पर आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी का बयान भी आया है. उन्होंने कहा कि हिमांगी सखी से कुछ अंदरूनी विवाद था, और इस विवाद के समाधान के लिए ही वह अपनी टीम के साथ सुलह करने आई थीं. उन्होंने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया.

वीडियो फुटेज उजागर करने की मांग

हिमांगी सखी के समर्थकों का कहन है कि मारपीट का घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ है. हिमांगी सखी ने कहा कि हमलावरों ने जाते-जाते उन्हें धमकी दी कि अगर वह लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के खिलाफ बयानबाजी जारी रखेंगी तो उनका जीवन खतरे में होगा.

ममता को महामंडलेश्वर बनाने का विरोध

गौरतलब हो कि हिमांगी सखी ने ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाए जाने का विरोध किया था. उनका कहना था कि किन्नर अखाड़ा केवल किन्नरों के लिए है, और एक महिला का महामंडलेश्वर बनना उचित नहीं है, खासकर जब उस पर अंडरवर्ल्ड से संबंध रखने के आरोप हैं.

यह भी पढ़िए: पिता की इच्छा पर कैलिफोर्निया से संगम स्नान को आईं बेटियां, भावनात्मक कहानी हुई वायरल



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read