राऊज एवेन्यू कोर्ट
Delhi Waqf Board Recruitment Case Verdict: दिल्ली वक्फ बोर्ड में हुई कथित अनियमितताओं और अवैध भर्तियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान की किस्मत का फैसला जल्द होने वाला है. दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट इस बहुचर्चित मामले में आगामी 12 दिसंबर को अपना फैसला सुनाएगी.
विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने मामले से जुड़े सभी पक्षों की दलीलें और जिरह पूरी होने के बाद बीते 17 अक्टूबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस भ्रष्टाचार केस में मुख्य आरोपी अमानतुल्लाह खान समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है.
अमानतुल्लाह खान पर तय हैं ये आरोप
अदालत ने इस मामले में अमानतुल्लाह खान और दिल्ली वक्फ बोर्ड के तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) महबूब आलम के खिलाफ आपराधिक साजिश (IPC की धारा 120B) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(D) और 13(2) के तहत आरोप तय किए हैं.
इसके अलावा मामले में नामजद अन्य आरोपियों-हामिद अख्तर, किफ़ायतुल्ला खान, रफीउस्मन खान, इमरान अली, मोहम्मद अहरार, आकिब जावेद, अजहर खान, जाकिर खान और अब्दुल मन्नार पर भी आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार परिसीमन को तैयार… 815 सांसद होंगे तो कितना बढ़ेगा खर्च? जानें सैलरी, भत्ते, घर सबका हिसाब
बिना विज्ञापन 32 अवैध भर्तियां
CBI की जांच के मुताबिक, साल 2016 में दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष बने अमानतुल्लाह खान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए नियमों को ताक पर रखकर महबूब आलम को बोर्ड का CEO नियुक्त किया था. आरोप है कि 2016 से 2021 के बीच मानदंडों और सरकारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर संविदा व दैनिक वेतन भोगी पदों पर 32 परिचित लोगों की अवैध रूप से भर्ती की गई, जिसके लिए न तो कोई विज्ञापन निकाला गया और न ही चयन प्रक्रिया अपनाई गई. साथ ही खान पर 2018 से 2022 के दौरान वक्फ संपत्तियों को गलत तरीके से पट्टे पर देने और अवैध नियुक्तियों के बदले पैसे लेने के भी गंभीर आरोप हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


