Bharat Express DD Free Dish

‘बारात, मंडप सब तैयार…दूल्हे का पता नहीं’… दिल्ली सीएम का नाम न घोषित करने पर AAP नेता गोपाल राय का BJP पर तंज

AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि आम तौर पर परंपरा यह रही है कि चुनाव के बाद जिस भी पार्टी की जीत होती है. वह अपने विधायक दल की बैठक करती है और उस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाता है, लेकिन पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि मंडप तैयार है, बारात भी तैयार है. लेकिन दूल्हे का किसी को पता नहीं है.

Gopal Rai

गोपाल राय. (फाइल फोटो)

Delhi CM: 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए, जिसमे भाजपा ने 70 में 48 सीटें जीतकर 27 सालों बाद दिल्ली की गद्दी हासिल की है. नतीजे आए अब तक 10 दिन बीत चुके हैं पर भाजपा अब तक मुख्यमंत्री का नाम नहीं घोषित कर पाई है.

सीएम फेस के लिए अब तक कोई नाम न घोषित कर पाने की वजह से चुनाव बीतने के बाद भी दिल्ली में अब भी सियासी बयानबाजी जारी है. पहले कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा के पास सीएम के लिए कोई चेहरा नहीं है. उसके बाद अब दिल्ली के पूर्व परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली जीत के इतने दिनों के बाद भी मुख्यमंत्री का नाम न घोषित कर पाने को लेकर तंज कसा है.

गोपाल राय (Gopal Rai) ने कहा कि बारात और मंडप सब तैयार है पर अब तक दूल्हे का पता नहीं है. उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग पार्टियों की सरकारें बनती रही हैं. लेकिन पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि मंडप तैयार है, बारात भी तैयार है. लेकिन दूल्हा कौन होगा. इसका किसी का भी पता नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री का नाम तक तय नहीं कर पाई है. कोई बड़ा रहस्य है जिसे भाजपा वाले छिपा रहे हैं.

अब तक विधायक दल की बैठक नहीं हुई

पूर्व परिवहन मंत्री ने कहा कि आम तौर पर परंपरा यह रही है कि चुनाव के बाद जिस भी पार्टी की जीत होती है. वह अपने विधायक दल की बैठक करती है और उस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाता है. विधायक दल का नेता मुख्यमंत्री पद का दावेदार होता है. वह अपना दावा पेश करता है. विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान किया जाता है. फिर उसकी तैयारियां शुरू की जाती है. लेकिन यहां सारी तैयारियां पहले से ही की जा रही है.

वहीं भाजपा सीएम के लिए नाम बताए बिना ही दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जारी है. 20 फरवरी को सुबह 11 बजे यहां शपथ ग्रहण होना है.


ये भी पढ़ें: BJP विधायक रविंद्र नेगी ने मनीष सिसोदिया पर AC, TV और अन्य सामान चुराने का लगाया आरोप…कहा- कानूनी नोटिस भेजेंगे


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read