Bharat Express DD Free Dish

Exclusive: …आ गई दिल्ली सरकार के मंत्रियों की लिस्ट, रेखा गुप्ता के मंत्रीमंडल में ये बड़े नाम होगे शामिल

दिल्ली में भाजपा की नई सरकार बनते ही सबकी नजरें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की टीम पर टिकी हुई है. उनके नेतृत्व में भाजपा ने स्थिर और प्रभावी प्रशासन देने का वादा किया है.

Rekha Gupta

 Delhi New Cabinet Ministers List: दिल्ली में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शालीमार बाग सीट से विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है. भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी ने उन्हें राजधानी की बागडोर सौंपने का निर्णय ले लिया है.

रेखा गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह आज यानि 20 फरवरी, 2025 को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा. इस समारोह में वह आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी. उनके साथ ही नए मंत्रिमंडल के सदस्य भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से विजेंद्र गुप्ता और प्रवेश वर्मा ने विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया. इसके बाद पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का अंतिम निर्णय लिया.

नए मंत्रिमंडल में ये चेहरे होंगे शामिल

रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में स्थिर और प्रभावी प्रशासन देने का वादा कर रही है. उनके साथ नए मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ लेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रवेश साहिब सिंह (नई दिल्ली), आशीष सूद (जनकपुरी), सरदार मंजींदर सिंह सिरसा (राजौरी गार्डन), रविंद्र सिंह (बवाना), कपिल मिश्रा (करावल नगर) और डॉ. पंकज कुमार सिंह (विकासपुरी) शामिल हैं.

Delhi's new cabinet

राजनीतिक समीकरण और भाजपा की रणनीति

भाजपा के इस निर्णय के बाद दिल्ली की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं. रेखा गुप्ता का नेतृत्व कैसा रहेगा और वह राजधानी के प्रशासन को कैसे संभालेंगी, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.

भाजपा ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाकर महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकेत दिया है. साथ ही, पार्टी दिल्ली में स्थिर और प्रभावी शासन देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रही है.

अब देखना होगा कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार किस तरह दिल्ली के विकास कार्यों को आगे बढ़ाती है और जनता की उम्मीदों पर खरी उतरती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read