आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में खुद को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से शांत रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है. ऐसे में नियमित योगाभ्यास शरीर को भीतर से ऊर्जावान और निरोगी रखने का सबसे सरल माध्यम है. इन्हीं प्रभावी योगासनों में से एक है ‘चक्की चालनासन’ (Chakki Chalanasana), जिसमें शरीर को पारंपरिक हाथ की चक्की चलाने जैसी गोलाकार गति में घुमाया जाता है.
आयुष मंत्रालय के अनुसार पाचन और लचीलेपन के लिए सर्वोत्तम
आयुष मंत्रालय के अनुसार, चक्की चालनासन पारंपरिक रूप से हाथ से अनाज पीसने की चक्की चलाने की गति पर आधारित एक बैठकर किया जाने वाला योगासन है. यह आसन मुख्य रूप से पेट की मांसपेशियों को मजबूत करने, पाचन तंत्र को दुरुस्त करने और कमर व शरीर में लचीलापन बढ़ाने के लिए किया जाता है. योग के शुरुआती अभ्यासकर्ता भी इसे बेहद आसानी से कर सकते हैं; बस अभ्यास के दौरान सांसों की लय और शरीर के संतुलन का ध्यान रखना आवश्यक होता है. यह आसन आंतों की प्राकृतिक मालिश जैसा काम करता है, जिससे कब्ज, गैस और पेट फूलने (ब्लोटिंग) की समस्या से राहत मिलती है.
महिलाओं के स्वास्थ्य और हार्मोनल संतुलन में विशेष सहायक
चक्की चालनासन महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है. इस आसन के दौरान जब शरीर को आगे-पीछे और गोल-गोल घुमाया जाता है, तो पेट के निचले हिस्से, कमर और पेल्विक एरिया की मांसपेशियां बारी-बारी से खिंचती और सिकुड़ती हैं. इससे गर्भाशय (यूटेरस) और अंडाशय (ओवरी) के आसपास रक्त संचार (ब्लड सर्कुलेशन) बेहतर होता है, जिससे ये अंग सक्रिय रहते हैं और इनकी कार्यक्षमता में सुधार होता है. पेल्विक मांसपेशियों के लचीले होने से पीरियड्स के दौरान होने वाली ऐंठन और भारीपन कम महसूस होता है, साथ ही हार्मोनल संतुलन बने रहने से मासिक धर्म चक्र भी धीरे-धीरे नियमित होने लगता है.
अभ्यास के दौरान बरतें ये जरूरी सावधानियां
किसी भी योगासन का पूर्ण लाभ तभी मिलता है जब उसे सही सावधानी के साथ किया जाए. गर्भवती महिलाओं तथा जिन लोगों की हाल ही में पेट, रीढ़ की हड्डी या हर्निया की सर्जरी हुई है, उन्हें बिना किसी योग्य योग विशेषज्ञ या चिकित्सक की सलाह के चक्की चालनासन का अभ्यास नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़िए: मोबाइल या किताब पढ़ते समय होता है सिरदर्द? जानें क्या है हाइपरोपिया
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




