Bharat Express DD Free Dish

Chmpions Trophy 2025: भारत-पाक महामुकाबले से पहले टूर्नामेंट से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, भारत को दे चुका है गहरे जख्म

भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले पाकिस्तान का ये खतरनाक खिलाड़ी कमर की चोट के कारण Champions Trophy 2025 से बाहर हो गया है.

Fakhar Zaman Champions Trophy 2025

Champions Trophy 2025: पाकिस्तान के स्टार ओपनर फखर जमान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में फील्डिंग के दौरान उनकी कमर में चोट लग गई थी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उनकी जगह इमाम-उल-हक को टीम में शामिल करने की घोषणा की है. इससे फखर जमान की वापसी को लेकर चल रही अटकलें खत्म हो गई हैं.

फखर जमान को चोट उस समय लगी जब वह न्यूजीलैंड की पारी के पहले ओवर में बाउंड्री रोकने की कोशिश कर रहे थे. चोट लगने के बाद वह मैदान से बाहर चले गए. हालांकि, वह इलाज के बाद वापस लौटे लेकिन आईसीसी के नियमों के कारण ओपनिंग करने नहीं आ सके. उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की और 41 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हो गए.

फखर ने शेयर किया भावुक पोस्ट

मैच के बाद फखर की अगले मुकाबले में भागीदारी पर संदेह बना रहा. इसी बीच फखर जमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, “पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना हर क्रिकेटर का सपना होता है. मुझे कई बार अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है. अफसोस है कि अब मैं Champions Trophy 2025 में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा. लेकिन यकीन है कि अल्लाह की योजना सबसे बेहतरीन होती है. मैं घर से ही अपनी टीम का समर्थन करूंगा. वापसी जरूर होगी और वह पहले से भी मजबूत होगी. पाकिस्तान जिंदाबाद!”

फखर जमान की जगह अब इमाम-उल-हक पाकिस्तान टीम का हिस्सा होंगे. इमाम ने अब तक 72 वनडे मैच खेले हैं और 48.3 की औसत से 3138 रन बनाए हैं.

भारत के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला

पाकिस्तान की टीम अब अपने दूसरे लीग मैच की तैयारी कर रही है. यह मुकाबला 23 फरवरी को दुबई स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेला जाएगा. पाकिस्तान को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में भारत के खिलाफ यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद अहम होगा.

फखर जमान अब टीम के साथ दुबई यात्रा नहीं करेंगे. पाकिस्तान को इसके बाद अपना तीसरा लीग मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है. मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे.

पाकिस्तान की अपडेटेड टीम: मोहम्मद रिजवान (कप्तान), बाबर आज़म, इमाम-उल-हक, कामरान गुलाम, सऊद शकील, तैय्यब ताहिर, फहीम अशरफ, खुशदिल शाह, सलमान अली आगा, उस्मान खान, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read