कप्तान रिज़वान और विराट कोहली
भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के नायक रहे विराट कोहली, जिन्होंने नाबाद 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली. उन्होंने 111 गेंदों में यह शतक पूरा किया, जो वनडे में उनका करीब डेढ़ साल बाद आया पहला शतक था. हाल के समय में खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ अपने जबरदस्त रिकॉर्ड को बरकरार रखा और उनके खिलाफ बड़ी पारी खेलने की अपनी परंपरा को जारी रखा.
कोहली की वापसी से पाकिस्तान हैरान
कोहली के इस प्रदर्शन को देखकर न सिर्फ पाकिस्तानी टीम बल्कि वहां की मीडिया भी हैरान रह गई. पाकिस्तानी मीडिया ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोहली को आउट ऑफ फॉर्म बताती है, तब वह पाकिस्तान के खिलाफ खेलते ही अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में लौट आते हैं. पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने भी उनकी मेहनत की तारीफ की और कहा कि कोहली का इस तरह फॉर्म में लौटना उनके लिए चौंकाने वाला है.
रिजवान ने की कोहली की तारीफ
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब रिजवान से भारत के खिलाफ हार की वजह पूछी गई और कोहली की पारी पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा, “विराट कोहली की मेहनत देखकर मैं खुद हैरान हूं. पूरी दुनिया उन्हें आउट ऑफ फॉर्म मानती है, लेकिन जब बड़े मुकाबले की बात आती है, तो वह अपनी फिटनेस और स्किल से सभी को गलत साबित कर देते हैं. हमने उन्हें आउट करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अपने अनुभव और शानदार फिटनेस के दम पर टीम को जीत दिलाने में सफल रहे.”
यह भी पढ़ें: Champion Trophy: भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया, विराट कोहली ने जड़ा शतक
पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट लगभग खत्म
इस हार के बाद पाकिस्तान की टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की संभावनाएं लगभग खत्म हो गई हैं. अब उनका आखिरी ग्रुप मैच 27 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ होगा, जहां उन्हें सिर्फ सम्मान बचाने के लिए खेलना होगा. दूसरी ओर, भारत की इस शानदार जीत ने टूर्नामेंट में उसकी स्थिति को और मजबूत कर दिया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

