हरदोई में एक बार फिर अराजकतत्वों ने ट्रेन को पलटाने की बड़ी साजिश रची. हालांकि इस बार अराजकतत्वों को ट्रेन के मैनेजर ने पकड़ लिया और आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया. अराजकतत्वों द्वारा हरदोई स्टेशन के नजदीक योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा जा रही 13010 दून एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया. लोहे के बोल्ट और पत्थर को रेल ट्रैक पर रखकर ट्रेन को पलटाने की साजिश रची गई थी.
जब दून एक्सप्रेस सुबह 7:25 बजे हरदोई की ओर आ रही थी, तभी पिहानी चुंगी रेलवे क्रॉसिंग पर लोहे का बोल्ट और पत्थर रख दिए गए. ट्रेन का इंजन इनसे टकरा गया, लेकिन लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी और घटना की सूचना हरदोई रेलवे स्टेशन ट्रेन मैनेजर को दी.
ट्रेन मैनेजर ने पकड़े आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन मैनेजर ने तत्परता दिखाते हुए घटना को अंजाम देने वाले दो किशोरों को पकड़ लिया और ट्रेन में बैठा लिया.
रेलवे ट्रैक और इंजन की जांच
लोको पायलट ने घटनास्थल पर रेलवे ट्रैक और इंजन का निरीक्षण किया. इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से हरदोई रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां पकड़े गए किशोरों को आरपीएफ को सौंप दिया गया.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है.
कंट्रोल रूम को मिली सूचना
शनिवार सुबह 7:45 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 13010 के लोको पायलट ने ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा मिलने की जानकारी दी है. ट्रेन मैनेजर ने दो युवकों को पकड़ने की सूचना भी दी.
रेलवे अधिकारियों ने की ट्रैक की जांच
रेलवे सुरक्षा बल हरदोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. डाउन लाइन के साउथ साइड ट्रैक पर कई स्थानों पर स्पॉट पाए गए. जांच में एक लोहे की स्टील बोल्ट का टूटा हुआ टुकड़ा भी बरामद हुआ.
ट्रेन की 35 मिनट तक हुई जांच
दून एक्सप्रेस के इंजन की गहनता से जांच की गई, जिसके कारण ट्रेन 7:31 से 8:05 तक हरदोई रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही. इसके बाद ट्रेन को आगे लखनऊ की ओर रवाना किया गया.
गिरफ्तार आरोपी
रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक आरबी सिंह ने बताया कि इस मामले में इबादुल्लाह (15) पुत्र अयूब, निवासी कनरी, थाना बिलग्राम, जिला हरदोई और अनवारुल (16) पुत्र अब्दुल्ला, निवासी सहौरा, थाना सांडी, जिला हरदोई को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
गिरफ्तार किशोरों को देहात कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है. सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




