Dr Priti Adani Speech Wardha: महाराष्ट्र के वर्धा स्थित अदाणी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च (AIHER) का 17वां औपचारिक दीक्षांत समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. नए नाम के साथ आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की चांसलर एवं अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी ने की.
समारोह के दौरान चिकित्सा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किए गए.
CM देवेंद्र फडणवीस को प्रदान की गई मानद डॉक्टरेट
इस दीक्षांत समारोह का सबसे ऐतिहासिक क्षण वह रहा जब संस्थान द्वारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लोक सेवा और विकास में उनके योगदान के लिए पहली मानद डॉक्टरेट (Doctor of Letters) की उपाधि से विभूषित किया गया. इसके साथ ही, स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अभिजीत शेड को भी मानद डॉक्टरेट प्रदान की गई.
संस्थापक स्वर्गीय दत्ताजी मेघे के विजन को किया याद (Priti Adani In AIHER 17th Convocation)
संबोधन के दौरान डॉ. प्रीति अदाणी ने संस्थान के संस्थापक और पूर्व चांसलर स्वर्गीय दत्ताजी मेघे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा-
“तीन दशकों से अधिक समय में स्वर्गीय दत्ताजी मेघे के विजन ने ग्रामीण और वंचित समुदायों के छात्रों के लिए शिक्षा के नए अवसर खोले और जरूरतमंद परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं. आज श्री सागर मेघे, श्री समीर मेघे और पूरी यूनिवर्सिटी टीम इस गौरवशाली विरासत को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रही है.”
डिग्री केवल उपलब्धि नहीं, एक वादा है- डॉ. प्रीति अदाणी
ग्रेजुएट होने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए डॉ. प्रीति अदाणी ने कहा कि प्रत्येक डिग्री के साथ एक जिम्मेदारी और वादा जुड़ा होता है, जिसका उद्देश्य लोगों के जीवन को बेहतर और सुगम बनाना होना चाहिए. उन्होंने संस्थान और अदाणी फाउंडेशन के साझा विजन को रेखांकित करते हुए कहा:
‘मेरे लिए इस पूरी यात्रा का मार्गदर्शक सिद्धांत बेहद सरल है. सेवा ही भक्ति का मार्ग है, जिसे हम प्रतिदिन अपने कार्यों के माध्यम से व्यक्त करते हैं.’
गौतम अदाणी के विजन से प्रेरणा
अदाणी फाउंडेशन के चेयरमैन गौतम अदाणी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास, आजीविका और सामुदायिक उत्थान के क्षेत्रों में सतत प्रयास किए जा रहे हैं. आने वाले समय में वर्धा और नागपुर परिसरों में आधुनिकतम चिकित्सा उपकरणों, उन्नत क्लिनिकल अनुसंधान और सुपर-स्पेशलिटी सेवाओं के साथ अस्पताल के बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: IIT-NIT का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ा अलर्ट! JEE Mains 2027 के रजिस्ट्रेशन पर आया नया अपडेट
स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लैंगिक समानता और समावेशिता से जुड़े संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. समारोह के समापन पर मेधावी छात्रों को चांसलर गोल्ड मेडल व अन्य संकाय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर शिक्षा और चिकित्सा जगत के अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



