बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का पर्दाफाश
बेंगलुरु | राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री को विदेशी मूल के सोने के साथ पकड़ा है. महिला *3 मार्च 2025 को दुबई से एमिरेट्स फ्लाइट के जरिए बेंगलुरु पहुंची थी. तलाशी के दौरान उसके पास से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट बरामद किए गए. यह हाल के दिनों में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोने की सबसे बड़ी जब्ती में से एक है.
घर की तलाशी में मिली बड़ी रकम और सोने के आभूषण
यात्री की गिरफ्तारी के बाद DRI अधिकारियों ने बेंगलुरु के लवेल रोड स्थित उसके आवास पर भी छापा मारा, जहां वह अपने पति के साथ रहती है. तलाशी के दौरान 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा भी जब्त की गई.
कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत में भेजी गई महिला
अधिकारियों ने आरोपी महिला को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस पूरी कार्रवाई में जब्त किए गए सोने और नकदी की कुल कीमत 17.29 करोड़ रुपये आंकी गई है. बरामद 14.2 किलोग्राम सोना हाल के वर्षों में बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ी गई सबसे बड़ी खेप में से एक है. DRI इस मामले में आगे की जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े सोने की तस्करी गिरोह से जुड़ी हुई थी और इसकी नेटवर्किंग किन-किन शहरों तक फैली हुई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
