Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

गरीब ओबीसी बेटियों के लिए वरदान बनी सीएम योगी की शादी अनुदान योजना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘ओबीसी शादी अनुदान योजना’ से लाखों गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक विवाह का अवसर मिल रहा है. योजना में लाभार्थियों की संख्या दोगुनी, बजट में बड़ा इज़ाफा हुआ.

OBC marriage grant scheme
Edited by Akansha

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी अब बोझ नहीं, सरकार की मदद से एक सम्मानजनक सामाजिक आयोजन बन रही है. ओबीसी बेटियों के लिए संचालित ‘शादी अनुदान योजना’ अब उन हजारों परिवारों के लिए राहत और सहारा बन गई है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी बेटियों की शादी को लेकर चिंता में रहते थे. इस योजना के तहत योगी सरकार प्रत्येक पात्र ओबीसी परिवार को अपनी बेटी की शादी के लिए 20 हजार रुपये का अनुदान प्रदान कर रही है, जो गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रहा है.

योगी सरकार ने पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज के उत्थान को केवल नीति के पन्नों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जमीनी स्तर पर उसे साकार करने का एक सुनियोजित अभियान बना दिया है. उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में 2024-25 में इस योजना से लाभान्वित होने वाली बेटियों की संख्या में करीब दोगुना इजाफा हुआ है. जहां पिछले साल 55,551 बेटियों को इस योजना का लाभ मिला था, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर एक लाख तक पहुंच गई है.

इस वृद्धि का मुख्य कारण आय सीमा में किया गया बदलाव है. पहले यह योजना केवल बीपीएल श्रेणी के शहरी और ग्रामीण परिवारों तक सीमित थी, लेकिन अब आय सीमा को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है, जिससे अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा पा रहे हैं. शहरी व ग्रामीण दोनों के लिए पात्र लाभार्थियों के चयन के लिए आय सीमा को एकसमान कर दिया गया है.

योजनाओं का लाभ देने के लिए हर जरूरतमंद तक पहुंच बना रही योगी सरकार

विभाग ने इस योजना को और प्रभावी बनाने के लिए बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का बजट 2,789.71 करोड़ रुपये रखा गया था, जो 2023-24 के 2,338.63 करोड़ रुपये की तुलना में 451.08 करोड़ रुपये अधिक है. पिछड़ा वर्ग के चलाई जा रही योजनाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे इसके लिए योगी सरकार व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रचार की जरूरत को महसूस किया है. चालू वित्तीय वर्ष में अभियान चलाकर विभाग द्वार जरूरतमंद लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा.

योगी सरकार ने पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए लगातार बढ़ाया बजट

यदि हम पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो योगी सरकार के कार्यकाल में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के बजटीय प्रबंधन में अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिलती है. वर्ष 2012-13 से 2016-17 तक का कुल व्यय बजट 6,928.71 करोड़ रुपये था, जबकि 2017-18 से 2025-26 तक यह आंकड़ा 14,969.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह पिछले सरकार के कुल व्यय बजट से 8,040.84 करोड़ रुपये अधिक है, जो योगी सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से दर्शाता है.

इस योजना को लेकर पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार का लक्ष्य है कि गरीब ओबीसी परिवारों की बेटियों को सम्मान के साथ शादी के अवसर मिलें. यह योजना केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि समाज में बराबरी और सम्मान की दिशा में हमारा प्रयास है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि किसी भी गरीब परिवार की बेटी शादी के अवसर पर उपेक्षित महसूस न करे. हम इस लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहे हैं. इस योजना का लाभ अब तक एक लाख से अधिक बेटियों को मिल चुका है और हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में यह संख्या और बढ़े.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital