Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Yoga Day 2025: उत्तर प्रदेश, हिमाचल, तेलंगाना, झारखंड समेत इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने 11वें योग दिवस पर आमजन को दीं शुभकामनाएं, जानें क्या कहा

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर यूपी, हिमाचल, तेलंगाना और झारखंड समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने योग साधकों और प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं.

International Yoga Day 2025 CM yogi

International Yoga Day 2025 CM yogi

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग आयोजनों में हिस्सा लिया. योग कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग भारतीय मनीषा की अनुपम देन है. योग को लोक कल्याण का माध्यम बनाकर भारत ने विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया. यही वजह है कि आज 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के करीब 190 देश भारतीय योग की विरासत के साथ जुड़कर गौरवान्वित हो रहे हैं.

सीएम योगी 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में योगाभ्यास करने के पूर्व योग साधकों, प्रशिक्षुओं को संबोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी.

योग हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए जरूरी

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के लोगों से योग को अपने जीवन में अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए बेहद ही जरूरी है.

योग के लाभों के बारे में बताते हुए सीएम सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सदियों पुरानी योग परंपरा हमारे ऋषि-मुनियों की देन है. योग विचारों को साधने का माध्यम है. योग में तप भी है और तत्व भी. यह आत्म-अनुशासन का विज्ञान और जीवन के प्रति जागरूकता का दर्शन है. आइए, हम सब मिलकर योग को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य अंग बनाएं. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त योग-साधकों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.“

आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा

दुनियाभर में शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. पीएम मोदी ने विशाखापट्टनम में 3 लाख लोगों के साथ योग किया.

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “एकाग्रता ही हमारे भीतर छिपी शक्ति को उजागर करती है, उस एकाग्रता को प्राप्त करने का एकमात्र साधन योग है. आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है.“

हमें गर्व है- योग को पूरी दुनिया के साथ साझा कर रहे

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हमें गर्व है कि हम योग को पूरी दुनिया के साथ साझा कर रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “योग- आंतरिक स्वास्थ्य का शाश्वत विज्ञान. हमें भारत से मिले इस अनमोल उपहार को दुनिया के साथ साझा करने पर गर्व है. इस अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर, आइए स्वस्थ शरीर, शांत मन और अधिक संतुलित जीवन के लिए योग के ज्ञान को अपनाएं.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “प्रकृति के साथ एकात्मता, संयम और सहजता, यही हमारी संस्कृति है और यही योग का वास्तविक स्वरूप भी है. आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार.“



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital