बागपत में युवक की पिटाई
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिल और दिमाग को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसमें एक युवक को तालिबानी सजा दी गई. युवक की रस्सियों से बांधकर पिटाई की गई. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में जहां आरोपी युवक को रस्सियों से बांधकर पीट रहे हैं. वहीं पुलिसकर्मी तमाशा देख रहे हैं और बंधक युवक का वीडियो बनाने में व्यस्त दिख रहे हैं.
मानवता को शर्मसार कर दने वाला यह मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के एकता कॉलोनी का है. जहां एक वसीन नामक युवक घर का सामान लेने के लिए एक दुकान पर गया था. जहां वहीं सामने रहने वाले कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उसे तालीबानी सजा देते हुए रस्सियों से बांधकर उसकी पिटाई की. युवक की पिटाई का वीडियो किसी युवक ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
हाथ और पैर को रस्सियों से बांधा गया
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक के हाथ और पैर को रस्सियों से बांधा गया है. जिसकी वजह से युवक तड़प रहा है. इस वीडियो में सबसे हैरान करने वाला मामला यह है कि इस वीडियो में पुलिस भी दिख रही है, लेकिन बंधक युवक को बचाने के लिए नहीं, बल्कि युवक का वीडियो बनाने के लिए. हालांकि बंधक युवक के भाई की तहरीर पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
#BREAKING -बागपत में युवक को तालिबानी सजा देने का वीडियो वायरल,
12 से अधिक युवकों ने युवक को बंधक बना पीटा।युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर की पिटाई, गंभीर हालत में युवक हायर सेंटर रेफर,
बागपत कोतवाली क्षेत्र के पुराने कस्बे की घटना! @baghpatpolice @digrangemeerut pic.twitter.com/hKJtTe5jTD— Sonu Chouhan (TV Journalist) MRT (@SonuJournalist9) June 23, 2025
क्यों की गई युवक की पिटाई?
बताया जा रहा है कि बंधक बनाने वाले लोगों के घर में शादी की तैयारी चल रही थी. तभी यह युवक अचानक जबरदस्ती घर में घुस गया. जिसकी वजह से इसकी पिटाई की गई.
दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई- श्रेष्ठा ठाकुर
इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक श्रेष्ठा ठाकुर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन पुलिसकर्मियों के सामने इस तालिबानी वारदात को अंजाम दिया जा रहा था, उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी भी या नहीं.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

