Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Central Texas Flood: सेंट्रल टेक्सास में मूसलधार बारिश और बाढ़ से तबाही, 50 से अधिक लोगों की मौत, कैंप मिस्टिक से 20 लड़कियां लापता

कैर काउंटी में स्थित एक निजी ईसाई समर कैंप ‘कैंप मिस्टिक’ से 20 से अधिक लड़कियां लापता हो गई हैं. यह कैंप एक नदी के किनारे स्थित है, जिसका जलस्तर दो घंटे से भी कम समय में 20 फीट से अधिक बढ़ गया.

Texas

टेक्सास में आई भीषण बाढ़.

सेंट्रल टेक्सास (Texas) के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने अब तक 50 से अधिक लोगों की जान ले ली है. यह प्राकृतिक आपदा शुक्रवार रात को आई जब कुछ क्षेत्रों में कुछ ही घंटों में एक महीने के बराबर की बारिश हो गई. इस भीषण आपदा के बाद, अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने लोगों को बचाने के लिए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया.

गवर्नर ने किया ‘प्रेयर डे’ का ऐलान

टेक्सास (Texas) के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए रविवार, 6 जुलाई को ‘प्रार्थना दिवस’ घोषित किया है. उन्होंने कहा, “हिल कंट्री में आई बाढ़ के जवाब में रविवार, 6 जुलाई को टेक्सास में प्रेयर डे घोषित किया गया है. मैं सभी टेक्सासवासियों से आग्रह करता हूं कि वे इस आपदा से प्रभावित समुदायों के लिए प्रार्थना करें.”

कैर काउंटी से 20 से अधिक लड़कियां लापता

CNN की रिपोर्ट के अनुसार, कैर काउंटी में स्थित एक निजी ईसाई समर कैंप ‘कैंप मिस्टिक’ से 20 से अधिक लड़कियां लापता हो गई हैं. यह कैंप एक नदी के किनारे स्थित है, जिसका जलस्तर दो घंटे से भी कम समय में 20 फीट से अधिक बढ़ गया. अधिकारियों के अनुसार, कैर काउंटी में अब तक सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें से कई को हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया.

यह भी पढ़ें- भारी बाढ़ और तबाही: अमेरिका में 24 लोगों की मौत, सेकेंडों में पानी सिर के ऊपर पहुंचा

यूएस कोस्ट गार्ड ने बचाई 223 लोगों की जान

सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने शनिवार देर रात X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने अब तक 223 लोगों को बचाया या बचाने में सहायता की है. उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, “इस समय हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हम उन्हें जल्द से जल्द खोज सकें और उनके परिवारों से मिलवा सकें. सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा.”

राष्ट्रपति ने किया हर संभव मदद का ऐलान

नोएम ने बताया कि राष्ट्रपति सभी संघीय संसाधनों को तैनात करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि लापता लोगों को ढूंढा जा सके, परिवारों को फिर से जोड़ा जा सके और जिन लोगों की जान गई है, उन्हें सम्मानपूर्वक वापस लाया जा सके. उन्होंने लिखा, “DHS पूरी तरह से सक्रिय है और मैं लगातार राष्ट्रपति के संपर्क में हूं. हम चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और उन्हें हर पल की जानकारी दे रहे हैं. गॉड ब्लेस टेक्सास (Texas).” वहीं गवर्नर एबॉट ने X पर लिखा कि बचावकर्मी तब तक काम करते रहेंगे जब तक हर लापता व्यक्ति को खोज नहीं लिया जाता. उन्होंने कहा, “हमारा राज्य और हमारे लोग कभी हार नहीं मानते. हम हर प्रभावित व्यक्ति की मदद करेंगे.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital