सिद्धनाथ अपार्टमेंट में भीषण आग
पटना के बहादुरपुर थाना (Bahadurpur Police Station) इलाके में स्थित सिद्धनाथ अपार्टमेंट (Siddhanath Apartment) में अचानक भीषण आग लग गई. जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि चंद ही मिनटों में करीब 5 फ्लैट इसकी चपेट में आ गए. आग लगने से लोग घबराकर अपने-अपने घरों से ज्वलनशील पदार्थ और जरूरी सामान निकालने में जुट गए. उन्हें लगने लगा कि अब कुछ बचने वाला नहीं है.
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर
लोगों ने आग लगने की जानकारी बहादुरपुर थाना और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. देखते ही देखते दमकल की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया.
थाना प्रभारी ने क्या बताया ?
थाना प्रभारी संजय शंकर ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैल गई और कई फ्लैटों (Flats) को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) मानी जा रही है, लेकिन असली कारण जांच के बाद ही साफ हो पाएगा.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया ?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्याम मंदिर रोड पर स्थित इस अपार्टमेंट के एक फ्लैट से अचानक धुआं उठता देखा गया. जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया. लोगों ने शुरुआत में खुद ही बाल्टी और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश तो की लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया.
लाखों का नुकसान
इस हादसे में करीब लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. कई परिवार वालों के तो सारे सामान जलकर खाक हो गए हैं. राहत की बात यह रही कि किसी की हताहत होने की खबर नहीं है. आग लगने से लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




