प्रयागराज: हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 28 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में बुधवार को 85 फ़ीसदी से ज्यादा मतदान हुआ. मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा. नवनिर्मित बहुमंजिला पार्किंग भवन के भूतल पर बनाए गए मतदान स्थल पर वोट देने के लिए सुबह साढ़े ने बजे से शाम पांच बजे तक वकीलों का तांता लगा रहा. मुख्य चुनाव अधिकारी आरके ओझा, चुनाव अधिकारी अनिल भूषण, वशिष्ठ तिवारी और महेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि बार चुनाव में इस बार कुल 85.83 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
चुनाव में कुल इतमे मतदाताओं ने डाले वोट
चुनाव में कुल 9718 मतदाता थे, जिनमें 8337 मतदाताओं ने वोट डाले. मतदान सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हो गया था जो शाम पांच बजे तक जारी रहा. मतदान के लिए कुल 18 बूथ बनाए गए थे. चुनाव समिति ने बताया कि वोट डालने के लिए प्रत्येक बूथ में डेढ़ दर्जन केबिन बनाए गए थे. पूरा चुनाव सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुआ. कहीं से कोई अप्रिय घटना या वारदात सामने नहीं आई. मतदान के बाद मतपेटियों को सीलबंद करके कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है. मुख्य चुनाव अधिकारी आरके ओझा ने बताया कि मतपत्रों की छंटाई का काम शुक्रवार से शुरू होगा. उसके बाद मतगणना प्रारंभ की जाएगी.
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में लगाए जाते हैं बड़े-बड़े पंडाल
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रत्याशियों की ओर से लगाए जाने वाले बड़े-बड़े पंडाल नदारद रहे. आमतौर पर चुनाव में प्रत्याशी बड़े-बड़े पंडाल लगाते हैं, जिनमें पूडी-सब्जी, मिठाई से लेकर नाश्ते और पानी-चाय आदि की व्यवस्था रहती है. ताकि वे समर्थकों और वोटरों की खातिरदारी व आराम करने और खाने-पीने का इंतजाम कर सकें लेकिन गत वर्ष की तरह इस बार भी चुनाव समिति के कड़े रुख के कारण किसी भी प्रत्याशी ने सड़क पर पंडाल नहीं लगाया. हालांकि कुछ लोगों ने अपने स्तर से पूड़ी सब्जी, नाश्ता आदि के पैकेट की व्यवस्था कर समर्थकों और वोटरों के बीच वितरित किए.
ये भी पढ़ें: Goa Tourism: गोवा में जनवरी-जून 2025 में 54 लाख से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ, ऐसे हो रही Economic Growth
समर्थकों ने अपने प्रत्याशी के साथ दिनभर जोश से किया प्रचार
उमस भरे मौसम को देखते हुए चुनाव समिति ने भूतल में बनाए गए मतदान स्थल पर पांच दर्जन बड़े पंखे लगवाए लेकिन वेंटिलेशन की व्यवस्था न होने के कारण हवा सिर्फ पंखे के सामने ही लग रही थी. इस कारण मतदान करने आए अधिवक्ता पसीने से तरबतर हो गए लेकिन वोट डालने का उत्साह कम नहीं हुआ. उमस भरी गर्मी मतदान स्थल के पास जमा समर्थकों का भी उत्साह भी नहीं कम सकी. समर्थकों ने अपने प्रत्याशी के साथ दिनभर जोश से प्रचार किया और मतदान करने आ रहे वकीलों से अपने प्रत्याशी की वोट देने की अपील की है.
Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
