US 25% Tariff: डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक “मृत अर्थव्यवस्था” (Dead Economy) बताया है और कहा है कि अमेरिका उसके साथ बहुत कम व्यापार करता है. उन्होंने भारत के खिलाफ अपनी तीखी बयानबाजी और तेज़ कर दी है. भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की उनकी धमकी को लेकर दोनों पक्षों के बीच गतिरोध पैदा हो गया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखते हुए भारत के साथ-साथ उसके पुराने रक्षा और व्यापार साझेदार रूस पर भी हमला बोला. इससे एक दिन पहले उन्होंने चेतावनी दी थी कि रूसी हथियार और ऊर्जा खरीदने पर वह भारत को सजा देंगे.
ट्रंप ने लिखा, “मुझे परवाह नहीं कि भारत रूस के साथ क्या करता है. मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, वे मिलकर अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को नीचे गिरा सकते हैं. हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है. उनके टैरिफ बहुत ज़्यादा हैं, दुनिया में सबसे ज्यादा में से एक.”
भारत-अमेरिका ट्रेड 129 अरब डॉलर से अधिक रहा
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. भारत और अमेरिका ने 2024 में 129 अरब डॉलर से ज्यादा का व्यापार किया. दोनों देशों ने रक्षा, टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में भी रणनीतिक संबंध बनाए हैं. ये काफ़ी हद तक चीन को नियंत्रित करने की साझा इच्छा पर आधारित है.
लेकिन भारत, चीन के बाद मूल्य के हिसाब से रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार भी है और रूस उसके हथियारों का मुख्य स्रोत बना हुआ है. हालांकि भारत ने हाल के वर्षों में फ्रांस, अमेरिका और इजरायल से हथियारों की ख़रीद में विविधता लाने की कोशिश की है.
अप्रैल में मुक्ति दिवस (Liberation Day) पर ट्रंप ने 26 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की थी. हालांकि, 1 अगस्त से लागू होने वाला टैरिफ उससे एक प्रतिशत कम है.
वहीं ट्रंप (Donald Trump) टैरिफ के बाद मोदी सरकार ने बुधवार (30 जुलाई) को कहा कि वह “अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी”. मुंबई स्थित एक्सिस बैंक के विश्लेषकों का अनुमान है कि 25 प्रतिशत टैरिफ का भारतीय निर्यात पर 10 अरब डॉलर का अतिरिक्त प्रभाव पड़ेगा.
कौन जानता है, कल पाकिस्तान भारत को तेल बेचे
इसके अलावा ट्रंप ने बुधवार को पाकिस्तान के साथ एक समझौते की भी घोषणा की जिसमें पाकिस्तान के विशाल तेल भंडार को साथ मिलकर विकसीत करने की बात कही गई है. घोषणा करते हुए ट्रंप ने कहा, “कौन जानता है, शायद पाकिस्तान किसी दिन भारत को तेल बेचेंगे!”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


