दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद आर. सुधा (R. Sudha) की सोने की चेन स्नैचिंग के सनसनीखेज मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन, अपराध में इस्तेमाल स्कूटी और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं.
कौन है औरोपी ?
आरोपी का नाम सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू (24 वर्ष) है, जो ओखला के हरकेश नगर का रहने वाला है. वह एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज हैं. वह हाल ही में 27 जून को जेल से रिहा हुआ था.
कैसे हुई आरोपी की पहचान ?
घटना नई दिल्ली के एक पॉश इलाके में हुई थी. पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी के पूरे रास्ते को ट्रैक किया. स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से दक्षिणी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (ATS) ने आरोपी को धर दबोचा. इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर नवदीप, हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, बृजेश, अरविंद, कृष्ण कुमार और कांस्टेबल काना राम, देवेंद्र व अरविंद शामिल थे.
क्या-क्या हुआ बरामद ?
पुलिस ने 30.90 ग्राम की सोने की चेन, अपराध में इस्तेमाल चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, चार संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन, निज़ामुद्दीन से चोरी हुई एक अन्य स्कूटी और वारदात के समय पहने गए कपड़े, हेलमेट व चप्पल बरामद किए.
इसे भी पढ़ें-बाढ़ के तांडव से बिहार, उत्तराखंड से लेकर यूपी, एमपी और बंगाल तक हाहाकार, जल आयोग ने जारी किया अलर्ट
मामले में पूछताछ जारी
पुलिस अब आरोपी से हाल की अन्य चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए पुलिस का मानना है कि वह कई अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है. दक्षिणी जिला पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना हो रही है. एक हाई-प्रोफाइल मामले को इतनी जल्दी सुलझाने के लिए एएटीएस की मेहनत और तकनीकी दक्षता को श्रेय दिया जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
(साभार IANS न्यूज एजेंसी)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

